हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में अब आपको अपनी फाइल के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। नई सुविधा शुरू हो गई है। अब आपकी फाइल कहां है और उसके ऊपर क्या आपत्तियां लगी हैं। यह सारी जानकारी आपको मोबाइल फोन पर ही मिल जाएगी। प्राधिकरण ने यह सेवा पंचकूला के रेजीडेंट्स के लिए शुरू की है।
इससे न तो लोगों का समय खराब होगा न ही उनको परेशानी होगी। उनको अपने आप पता चल जाएगा कि फाइल को लेकर कब उनका एप्वाइंटमेंट किस अधिकारी के साथ है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा फाइल ट्रैकिंग सिस्टम पहले ट्रायल पर शुरू किया गया था, लेकिन कुछ अन्य संशोधन के साथ उसको दोबारा लांच किया गया है।
इससे होगा यह लाभ
हुडा में प्लॉट खरीदने के बाद पहली बार मकान बनाने और उसके बाद उसमें किए गए बदलाव के लिए रिवाइज प्लान के साथ ओसी (ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट) के लिए एक पत्र देना होता है। फाइल ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से इसके सिंगल विंडो पर फाइल जमा करवाने के बाद रेजीडेंट्स के पास मैसेज आएगा कि फाइल किस अफसर की टेबल पर पहुंची है। कुछ माह पहले शुरू इस सेवा इस्टेट ऑफिस को ही शामिल किया गया था। अब नए संशोधन के दौरान इंजीनियरिंग विंग को शामिल किया गया है।
आईटी सेल ने किया है काम
इस सेवा को शुरू करने के लिए हुडा की आईटी सेल ने काम किया है। किसी भी फाइल के जमा होते ही उसके साथ व्यक्ति का मोबाइल नंबर को अटैच कर दिया जाएगा। इसके बाद फाइल किसी भी अधिकारी की टेबल पर हो वह उसका स्टेटस कंप्यूटर पर देगा। जिसके माध्यम से मोबाइल पर मैसेज जाएगा।
इस सिस्टम से पारदर्शिता बढ़ेगी। जिसका लाभ विभाग और लोगों को होगा। फाइल का स्टेटस घर बैठे पता चलेगा। फाइल की हर मूवमेंट के बारे में बताया गया हैं। इसमें इंजीनियरिंग विंग को भी जोड़ा गया है।
- संजीव वर्मा जोनल एडमिनिस्ट्रेटर, हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुडा)