पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल की तीन नर्सों समेत पांच कर्मचारियों को अस्पताल के ही आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सुमित सिंह ने बताया कि इन सभी ने बुखार और गले में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद इन्हें दाखिल करके सैंपल जांच को भेज दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इन पांचों कर्मचारियों ने पिछले दिनों लुधियाना से रेफर होकर पटियाला पहुंची कोरोना पॉजिटिव 42 साल की पूजा की बिना किसी सुरक्षा किट के देखरेख की थी। वहीं कर्मचारियों के संदिग्ध होने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह पांचों लोग ड्यूटी के बाद घर भी जाते थे और अस्पताल में डॉक्टरों वगैरह के संपर्क में भी थे। अब सभी की जांच की जाएगी।
लुधियाना निवासी महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव
शिमलापुरी निवासी 70 वर्षीय महिला का कोरोना टेस्ट भी पॉजिटिव आया। पीड़िता 17 मार्च को लुधियाना से मोहाली बस में बैठकर अपनी भतीजी से मिलने गई थी। 23 मार्च को उसमें कोरोना के लक्षण दिखने लगे थे। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उसके परिजन एंबुलेंस में उसे लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल ले आए। यहां उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने इसकी पुष्टि की।
सीएमसी में भर्ती दो महिलाओं की मौत, कोरोना रिपोर्ट निगेटिव
सीएमसी के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती दो महिलाओं की गुरुवार सुबह मौत हो गई। इसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि सेहत अधिकारियों का कहना है कि दोनों महिलाओं में फ्लू जैसे लक्षण थे। हालांकि उनके सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
सिविल अस्पताल जालंधर में यूनाइटेड किंगडम से आया कोरोना का एक संदिग्ध मरीज दाखिल किया गया है। मरीज के सैंपल को जांच के लिए अमृतसर भेजा गया है। वहीं कोरोना पॉजिटिव मृतक भाई निर्मल सिंह खालसा के 95 वर्षीय पिता, 90 साल की माता, 35 साल की बेटी, 32 साल की बहू और सात साल के पोते के ब्लड सैंपल भी अमृतसर भेजे गए हैं। खालसा के परिवार के पांचों सदस्यों को सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को लोहियां में सर्वे भी किया और परिवार के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की जा रही है।
11769 गांवों में किया गया सैनिटाइजर का छिड़काव
पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा राज्य के सभी गांवों को कोरोना से मुक्त करने के लिए शुरू की गई मुहिम के तहत अब तक 11769 गांव में रोगाणुनाशक दवा का छिड़काव किया जा चुका है। गांवों में सोडियम हाइपोक्लोराइट दवा का स्प्रे किया जाना है, जिससे कोरोना को और फैलने से रोका जा सके।
ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तृप्त राजिन्दर सिंह बाजवा ने बताया कि अब तक 2,95,040 लीटर दवा का प्रयोग किया गया है, जो पंजाब अलकलीज एंड केमिकल्ज द्वारा सप्लाई किया जा रहा। यह काम विभाग के अधिकारियों द्वारा गांवों के लोगों को प्रेरित कर बगैर खर्च के करवाया जा रहा है।
हर गांव में तीन-तीन बार छिड़काव की योजना है। यह एक सप्ताह में मुकम्मल कर लिया जाएगा। पहला छिड़काव तकरीबन सभी गांवों में हो चुका है और जो गांव रह गए है, उनमें यह कल तक मुकम्मल कर लिया जाएगा। मंत्री ने राज्य की सभी पंचायतों से अपील की है कि वह पंजाब सरकार द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन मुहैया कराने का कार्य अपनी निगरानी में करवाएं और यह यकीनी बनाएं कि हर जरूरतमंद परिवार को यह सुविधाएं दी जाएं।