होम क्वारंटीन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
श्री दरबार साहिब के रागी पद्मश्री निर्मल सिंह की कोरोना से मौत की सूचना पर चंडीगढ़ प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। रागी निर्मल सिंह बीते 19 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर-27 की एक कोठी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले 86 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम क्वारंटीन कर दिया है।
इनमें सेक्टर 27, 18, 23, 33 व 36 के लोग शामिल हैं। अब तक विभाग ने शहर में कुल 1315 लोगों को होम क्वारंटीन किया है। बता दें कि इस मामले में प्रशासन की चूक यह रही है कि इतने बड़े कार्यक्रम के बारे में अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। पद्मश्री रागी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद यह मामला सामने आया।
होम क्वारंटीन करने वाली टीम के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने बताया कि सेक्टर- 27 की जिस कोठी में समागम किया गया था, वहां 16 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। कार्यक्रम में 86 लोगों के होने की सूचना मिली थी। इन लोगों के माध्यम से अन्य लोगों के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 27, 18, 23, 33 व 36 के 86 लोगों को तत्काल प्रभाव से होम क्वारंटीन किया है। इनके अलावा आयोजकों से भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की जानकारी ले रहे हैं। वहीं, शहर में होम क्वारंटीन का समय पूरा करने वाले लोगों की टीम घर-घर जाकर चेक कर रही है। उन्हें अभी भी घर से बाहर न निकलने के लिए कहा जा रहा है ताकि वह लोग फिर से संक्रमित न हो सकें।