चंडीगढ़। फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर शहर के फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चंडीगढ़ की विभिन्न फुटबॉल अकादमियों में बच्चों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने एक साथ बैठकर फाइनल मुकाबले का रोमांच उठाया। बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने के दौरान हर गोल, हर बचाव और हर मौके पर दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। बच्चों ने अपनी पसंदीदा टीमों का हौसला बढ़ाते हुए खेल भावना का भी परिचय दिया।
इस अवसर पर पूर्व भारतीय प्रोफेशनल फुटबॉल खिलाड़ी संजीव मारिया ने कहा कि फाइनल मुकाबले को लेकर उनमें काफी उत्साह है। उन्होंने कहा, अर्जेंटीना मेरी पसंदीदा टीम है क्योंकि टीम के कप्तान लियोनेल मेसी मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। मुझे उम्मीद है कि उनकी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
भारतीय पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी संदेश झिंगन ने कहा कि एक फुटबॉल खिलाड़ी होने के नाते उन्हें विश्व कप का हर मुकाबला बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण लगा। उन्होंने कहा, आज का फाइनल विश्व की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच खेला जा रहा है। पूरी दुनिया की निगाहें इस मुकाबले पर हैं और अर्जेंटीना से सभी को काफी उम्मीदें हैं।
भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी नंदिनी शर्मा ने कहा कि शुरुआत में उनकी पसंदीदा टीम ब्राजील थी, लेकिन उसके बाहर होने के बाद अब वह स्पेन का समर्थन कर रही हैं। उन्होंने कहा, “स्पेन की टीम में बार्सिलोना क्लब के कई खिलाड़ी हैं और बार्सिलोना मेरा पसंदीदा क्लब है। इसलिए अब मेरी शुभकामनाएं स्पेन के साथ हैं।
फुटबॉल अकादमियों के प्रशिक्षकों का कहना है कि इस तरह के बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने का बेहतरीन अवसर होते हैं। विश्व स्तरीय खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, रणनीति और खेल भावना को देखकर बच्चे प्रेरित होते हैं और अपने खेल में सुधार करने का प्रयास करते हैं। शहर के फुटबॉल प्रेमियों ने भी उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि और बढ़ाएंगे।