पुलिस ने वाहन चुराने और लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। एक लुटेरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। आरोपियों से तीन बाइक, सोने के जेवर, एलसीडी और हथियार बरामद हुए हैं।
थाना सिटी पुलिस ने पांचों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विभोर शर्मा का कहना है कि पांचवें आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
डीएसपी ने बताया कि गिरोह ने मोगा, लुधियाना, कपूरथला, तरनतारन, फरीदकोट, मुक्तसर में वाहन चोरी और लूटपाट की कई वारदातों को अंजाम दिया है। ये लोग फिरोजपुर शहर खाई रोड बजाज डेयरी के पास कीकर के जंगल में छिपकर डाका डालने की तैयारी कर रहे थे।
सूचना मिलने पर एएसआई महिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ इन्हें घटनास्थल पर दबोच लिया। पांचवां सदस्य भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरसेम कुमार, गुलशन वासी बस्ती आवा फिरोजपुर शहर, सोनू, विक्की वासी सोकड़ नहर के रूप में हुई है। रघु वहां से भागने में सफल हो गया।
ये लोग खाई रोड के पास लोहे की बारीक तार सड़क के बीच में लगा देते थे। जोर रात को वहां से गुजरता था वह गिर जाता था और ये लोग उसे लूट लेते थे। जब उन्हें पकड़ा गया तब भी वे लूटपाट की तैयारी कर रहे थे।
इनके पास से चोरी की तीन बाइक, एक एलसीडी, सोने की चेन, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कान की बाली समेत कई जेवर और हथियार बरामद हुए हैं। इन सब पर चोरी व लूटपाट के सात-सात केस दर्ज हैं।