संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। महानगर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में सुबह अखबार लेने निकले एक हॉकर को बाइक सवार दो युवकों ने घेर कर बेरहमी से मारपीट की और उससे नकदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायल हॉकर का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना शिवपुरी इलाके में टूटियां वाले मंदिर के पास की है। घायल की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह सुबह घंटाघर स्थित सेंटर से अखबार लेने एक्टिवा पर निकले थे। पीड़ित के बेटे अखिल ने बताया कि शिवपुरी चौक के पास बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे। खतरा भांपकर विनोद आगे निकल गए लेकिन कुछ दूरी पर उन्हीं युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि लुटेरों ने विनोद को धक्का देकर एक्टिवा समेत गिरा दिया और तेजधार हथियार से हमला कर चार हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना डिवीजन चार के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।