कनाडा के कैलगरी में पंजाबी मूल के पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए पिता-पुत्र दक्षिण पश्चिम कैलगरी स्ट्रिप मॉल के मालिक हैं। उन पर किशोर लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने और उन्हें शराब, सिगरेट और ड्रग्स देने का आरोप है। कैलगरी पुलिस के सामने ऐसी लड़की भी आई है, जिसकी आयु 13 साल से कम थी।
पुलिस का कहना है कि जांच से पता चला है कि दिसंबर 2022 और इस साल मई के बीच कई किशोर लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया गया था और उन्हें वेप्स, मारिजुआना, सिगरेट और शराब दी गई थी। जितनी भी लड़कियों के नाम सामने आए, सभी की उम्र 16 वर्ष से कम थी।
घर की तलाशी में मिली कोकीन
सुमरित और गुरप्रताप वालिया दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और अधिकारियों ने जांच के सिलसिले में पैनोरमा हिल्स में पैनामाउंट क्लोज एनडब्ल्यू के 100 ब्लॉक में एक घर की तलाशी ली। तलाशी में 975 ग्राम कोकीन मिला जिसकी अनुमानित कीमत 97,500 अमेरिकन डॉलर है। कंप्यूटर से चाइल्ड पोर्नोग्राफी के अलावा दुकान से ड्रग्स और ड्रग पैराफर्नेलिया,प्रतिबंधित तंबाकू, वेप कार्ट्रिज जब्त किये गए।
56 साल के गुरप्रताप वालिया पर यौन हमले के चार मामले सामने आए हैं। गुरप्रताप वालिया को 22 जून को अब अदालत में पेश किया जाएगा। सुमित ने न केवल बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न किया बल्कि उनकी अश्लील वीडियो बनाकर कंप्यूटर में सेव भी की। फिलहाल संगठन लूना चाइल्ड एंड यूथ एडवोकेसी सेंटर पीड़ितों की मदद कर रहा है। गुरप्रताप वालिया ने भी कई किशोर बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाया था।