खरीफ फसलों के लिए कुल 1380 करोड़ रुपये का बोनस किसानों को दिया जाना है
अभी तक दो किस्तों में किसानों को जारी हो चुके है 796 करोड़ रुपये
4.94 लाख किसानों के खातों में और डाले जाएंगे 580 करोड़ रुपये
चंडीगढ़। हरियाणा में एक एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को भी 2000 रुपये बोनस के मिलेंगे। साथ ही अधिकतम 20 एकड़ तक के किसान भी इससे लाभान्वित होंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. राजा शेखर वुंडरू ने बोनस को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। जल्द ही वंचित लाखों किसानों को इस राशि का लाभ मिलेगा। मौजूदा खरीफ फसलों के लिए कुल 1380 करोड़ रुपये का बोनस किसानों को दिया जाना है। हरियाणा फसल सुरक्षा योजना के तहत यह भुगतान किया जाएगा।
गौर हो कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आठ अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में खरीफ सीजन में प्रतिकूल मौसम को देखते हुए कृषि एवं बागवानी फसलों पर 2000 रुपये प्रति एकड़ बोनस देने का ऐलान किया गया था। 16 अगस्त को पहली किस्त के रूप में 5.80 लाख किसानों के खाते में 496 करोड़ रुपये की बोनस राशि डाली गई थी। इसके बाद 15 नवंबर को गुरु नानक देव के 555वें प्रकाश पर्व पर दो लाख 62 हजार किसानों के बैंक खातों में 300 करोड़ रुपये की बोनस राशि डाली गई। अब बोनस की तीसरी किस्त जारी होनी है, जिसमें चार लाख 94 हजार किसानों के खातों में 580 करोड़ रुपये डाले जाएंगे।