फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan: दूसरे दिन भी जींद और शंभू बॉर्डर पर बना रहा तनाव, तीसरे दौर की बातचीत पर टिकी नजरें

Wed, 14 Feb 2024 08:31 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

किसानों के दिल्ली कूच के दूसरे दिन भी पुलिस और प्रशासन की सांसें अटकी रहीं। किसानों को रोकने के पुलिस हाई अलर्ट पर रहीं। वहीं मंगलवार को ड्रोन से आंसू गैस के गोले फेंकने पर बुधवार को पूरा दिन विवाद होता रहा। पंजाब ने हरियाणा पर सवाल उठाया तो हरियाणा ने भी पलटवार किया।
विज्ञापन
किसान आंदोलन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मांगों के लिए दिल्ली कूच के आह्वान के दूसरे दिन शंभू बॉर्डर पर स्थिति लगभग सामान्य ही रही। हालांकि किसानों को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने कई बार आंसू गैस के गोले दागे। 
विज्ञापन


इसके अलावा जींद के दाता सिंह वाला बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच तनाव बना रहा। यहां पंजाब से आए किसानों ने बॉर्डर को उखाड़ना शुरू कर दिया तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। किसानों ने आंसू गैस के गोलों पर पानी की बौछार करनी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने प्लास्टिक की गोलियां चला दी। तीन किसानों को यह गोलियां लग गई। इससे वह जख्मी हो गए। 

विज्ञापन


वहीं शंभू बॉर्डर पर किसानों ने आगे बढ़ने के लिए बड़ी तैयारियां की। किसानों ने चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगाई ताकि आंसू गैस का प्रभाव कम हो जाए। साथ ही कई किसानों ने बॉडी प्रोटेक्टर भी पहने। जो ट्रैक्टर सबसे आगे चलने थे, उनके सामने लोहे की चादर लगा दी गई और उन्हें गीली बोरियों से ढक दिया गया। इसके अलावा मिट्टी उड़ाने की मशीनें भी मंगवाई गई। किसानों ने पंतग उड़ाकर ड्रोन को उड़ने से भी रोक दिया।  

ड्रोन के आंसू गैस के गोले छोड़ने पर विवाद

ड्रोन से किसानों पर आंसू गैस छोड़ने के मामले में पंजाब और हरियाणा आमने सामने आ गए। पंजाब ने शंभू बॉर्डर पर अपने क्षेत्र में आंदोलनकारी किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने के लिए हरियाणा द्वारा ड्रोन के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है। पटियाला के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) शौकत अहमद पर्रे ने अंबाला के डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखकर कहा है कि वे अंबाला के पास शंभू सीमा पर पंजाब के क्षेत्र के अंदर अपने ड्रोन न भेजें।



इसके जवाब में  हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि बहुत बड़ी हैरानी है कि पंजाब सरकार ने नोटिस जारी किया कि हमारी सीमा में ड्रोन मत भेजो, क्या यह हिंदुस्तान-पाकिस्तान हो गया। अगर हमारी पुलिस को मारकर कोई पंजाब में भाग जाएगा तो क्या हम उसके पीछे जाकर उसे पकड़ नहीं सकते। 

हरियाणा के रवैये पर पंजाब सरकार सख्त

दिल्ली जा रहे पंजाब के किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई पर पंजाब सरकार ने कड़ा एतराज जताया है। सीएम भगवंत मान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कहा है कि वह पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने दें। उन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस चलाना बंद करें। उन्होंने हरियाणा पुलिस के हमले में किसानों के घायल होने पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा की तरफ से आंसू गैस के गोले पंजाब की सीमा में किसानों पर फेंके गए हैं।
विज्ञापन


वहीं किसान आंदोलन के समर्थन में शिअद ने अपनी पंजाब बचाओ यात्रा रोक दी है। मौजूदा हालात पर 15 को कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है जिसमें किसानों का साथ देने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। 

कल होगी बैठक

एसकेएम (गैर-राजनीतिक) नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि हमने केंद्र का बातचीत का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। इसके बाद देर शाम तय हुआ कि गुरुवार शाम पांच बजे केंद्र और किसानों के बीच चंडीगढ़ में बातचीत होगी।

घायल किसानों के इलाज का खर्च उठाएगी मान सरकार

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने घोषणा की कि पुलिस कार्रवाई में घायल हुए किसानों के इलाज का पूरा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने हक की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ डटकर खड़ी है। स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को हरियाणा पुलिस की कार्रवाई में घायल हुए किसानों से मिलने के लिए बॉर्डर के साथ लगते अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में सुविधाओं का जायजा लिया और किसानों से बात भी की।  

भाकियू उगराहां कल रोकेगा ट्रेनें

भाकियू उगराहां ने किसान संगठनों के साथ एकजुटता दिखाने का फैसला लिया है। उगराहां यूनियन, गुरुवार को पंजाब में सात स्थानों पर रेलें रोककर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेगी। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की लंबित मांगों को लेकर यूनियन, वीरवार को संगरूर, मानसा, बठिंडा, पटियाला, मोगा, गुरदासपुर में दोपहर बारह से चार बजे तक रेलें रोकेगी।

कल फ्री किए जाएंगे पंजाब के सभी टोल

किसानों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा गुरुवार को पंजाब के सभी टोल सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक फ्री करेगा और 16 फरवरी को भारत बंद की कॉल बुलाई गई है।

राहुल गांधी ने किसानों से की बात

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग देर रात शंभू बॉर्डर पर घायल हुए किसानों का हाल-चाल जानने राजपुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायल किसानों की राहुल गांधी से फोन पर बात कराई। राहुल गांधी ने किसान सेवानिवृत्त हवलदार गुरमीत सिंह से उनकी चोट के बारे में जाना।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें