फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राकेश टिकैत पहुंचे चंडीगढ़: बाबा लाभ सिंह को गले लगाया, मटका चौक का धरना खत्म कराया

Sun, 12 Dec 2021 05:46 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़

सार

किसान नेता राकेश टिकैत राजन बैंस को एडिडास के जूते पहनाएंगे।  राजन बैंस कांसल गांव के रहनेवाले हैं। जब से किसान आंदोलन दिल्ली में शुरू हुआ, कड़कती ठंड में ही उन्होंने जूते पहनना छोड़ दिया था।
विज्ञापन
बाबा लाभ सिंह से गले मिलते राकेश टिकैत। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मटका चौक पर 320 दिन से चल रहा किसानों का धरना समाप्त कराया। टिकैत ने सभी किसानों को बधाई दी और बाबा लाभ सिंह का मुंह मीठा कराकर गले लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों की एकजुटता ने सरकार के अहंकार को तोड़ा है। उन्होंने आंदोलन के कारण आम जनता को हुई परेशानी के लिए माफी भी मांगी। 

विज्ञापन


तय कार्यक्रम के मुताबिक, राकेश टिकैत सवा नौ बजे मटका चौक पहुंचे। उनकी एक झलक पाने को हुजूम उमड़ पड़ा। किसानों ने आंदोलन की जीत पर भंगड़ा किया। वह यहां करीब 15 मिनट रुके। इस दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि 13 माह बाद मैं घर जाऊंगा। 13 घंटे घर रुककर दक्षिण भारत की तरफ निकलूंगा। आंदोलन की जगह मेला लगाया जाएगा, ताकि हम सब लोग एक जगह मिलकर बातचीत कर सकें। उन्होंने भारत सरकार से कहा कि निहंग अपनी फौज हैं। भारत सरकार भारत-पाकिस्तान बार्डर से सटी 100 किमी की सीमा हमारे जिम्मे कर दे। एक भी पाकिस्तानी अंदर घुस जाए तो कहना। इसमें सरकार का एक भी रुपया खर्च नहीं होगा। 

बाबा लाभ सिंह बोले-नहीं हटेगा टेंट

इस मौके पर बाबा लाभ सिंह ने कहा कि यहां उनके जीवन का पांचवां धरना है। पूरी जिंदगी आंदोलनों में लगाई है। किसानों के संघर्ष में भी साथ रहा। किसानों ने एक तानाशाह का घमंड चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि टेंट नहीं हटेगा। यहीं पर लंगर की सेवा चलती रहेगी। बाबा लाभ सिंह ने कहा कि वह करनाल के तहसील संड के जलमाना गांव के रहनेवाले हैं। उनके पास 40 किल्ले जमीन है। एक किल्ले जमीन का पैसा लंगर सेवा में लगाते हैं। परिवार के लोग भी घर ले जाने के लिए आए लेकिन नहीं गया। 

बाबा लाभ सिंह ने लगाया जामुन का पौधा

बाबा ने आंदोलन में शहीद हुए किसानों के नाम पर जामुन का पौधा लगाया है। बाबा उसकी देखभाल करते रहे हैं। बाबा लाभ सिंह ने कहा कि हमारे लिए सभी टिकैत हैं। पुलिस वाले भी हमारे हैं। पुलिस की ड्यूटी होती है वे उसका पालन करते हैं। 

रजिंदर सिंह ने कहा-अब ट्रक खरीदूंगा

मोहाली निवासी किसान आंदोलन से जुड़े ट्रांसपोर्टर रजिंदर सिंह का कहना है कि वे दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक आंदोलन में साथ रहे। किसानी आंदोलन में साथ निभाने के लिए उन्होंने अपना ट्रक बेच दिया। अब आंदोलन खत्म हो चुका है इसलिए ट्रक खरीदेंगे। 

संगत ने बांधी टिकैत को पगड़ी

गांव खुड्डा अलीशेर के पूर्व सरपंच और पेंडू संघर्ष कमेटी के संरक्षक बाबा गुरदियाल सिंह ने टिकैत को संगत की ओर से पगड़ी बांधी।  गुुरदियाल सिंह ने कहा कि गांव की संगत की ओर से किसानी आंदोलन की जीत की खुशी में मटका चौक पर चार क्विंटल लड्डू बांटे। उधर, गांव खुड्डा अलीशेर के बच्चों युवराज, महेश, अनुज, सूरज, जसलीन सहित अन्य ने मटका चौक पर खूब नारे लगाए। 

राजन बैंस को पहनाए जूते

टिकैत ने राजन बैंस को जूते पहनाए। राजन बैंस कांसल गांव के रहने वाले हैं। आंदोलन के दौरान वह नंगे पैर रहे। उन्होंने प्रण किया था कि जीतने के बाद ही जूते पहनेंगे। यहां तक कि बहन की शादी में भी उन्होंने जूते नहीं पहने। 

27 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था आंदोलन

27 जनवरी 2021 को किसानों के समर्थन में मटका चौक पर धरना शुरू हुआ था। दिनभर किसान समर्थक मटका चौक पर बैठते और शाम को साढ़े आठ बजे लौट जाते। लोग जुड़ते गए और कारवां बढ़ता गया, लेकिन बाबा लाभ सिंह के मटका चौक पर आने के बाद यह चौक किसान आंदोलन का गढ़ बन गया। लोगों ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली की घटना के बाद ऐसा लग रहा था कि आंदोलन समाप्त हो जाएगा। मटका चौक पर किसानी झंडा लिए किसान समर्थकों को कुछ लोगों ने धमकाया। कहा कि आज से मटका चौक पर किसानी झंडे के साथ मत दिखना। इस धमकी को किसान समर्थकों ने चुनौती के रूप में लिया। बड़ी संख्या में किसान मटका चौक पर किसानी झंडा लिए पहुंच गए। आसपास के गांव से लोगों का समर्थन मिलने से आंदोलन को और बल मिला। लंगर की जिम्मेदारी आसपास के गांव और चंडीगढ़ की संगत ने उठाई। साथ ही भाजपा के कई कार्यक्रमों का भी जोरदार तरीके से विरोध शुरू हो गया।  पांच बार पुलिस मटका चौक से टेंट उठाकर ले गई, लेकिन समर्थकों के विरोध के चलते लौटाना पड़ा। एक बार तो टेंट उठने के बाद बाबा लाभ सिंह बारिश में भी मटका चौक पर डटे रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें