गांव मचाकी मल्ल सिंह में कर्ज से परेशान एक नौजवान किसान के अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ राजस्थान नहर में कूदने का मामला सामने आया है। खबर लिखे जाने तक किसान और उसके बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया था।
जिला पुलिस ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार किसान जगजीत सिंह (38) अपने तीन बच्चों हरमनवीर कौर (11), जश्नदीप कौर (9), बेटे जगसीर सिंह (7) और अपनी माता गुरमेल कौर के साथ गांव मचाकी मल्ल सिंह में रहता है और करीब 3 एकड़ जमीन का मालिक है।
साढ़े तीन साल पहले उसकी पत्नी सुखप्रीत कौर उसे छोड़कर चली गई थी। उसके तीनों बच्चे गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। बच्चों का ख्याल जगजीत ही रखता था। पारिवारिक जिम्मेदारी के बीच जगजीत सोसाइटी और बैंकों के करीब 10 लाख रुपये के कर्ज को लेकर पिछले कुछ दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।