शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या तो लगातार बढ़ रही है, लेकिन अभी स्टेशन के विस्तार का काम अधर में लटका हुआ है। करीब छह सालों से वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने का प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में है।
स्टेशन की मॉडर्नाइजेशन के लिए कई प्रोजेक्ट बने, जिनमें से कुछ ही सिरे चढ़ सके हैं। स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने का प्रोजेक्ट तो लगभग पूरा हो गया है।
अभी प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एस्केलेटर लगा है और एक नंबर प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर का काम चल रहा है। इसके अलावा नए रिजर्वेशन काउंटर का भी निर्माण कार्य चल रहा है। इन सबके बावजूद वर्ल्ड क्लास का टारगेट अभी काफी दूर है।
अभी ये बड़े प्रोजेक्ट हैं अधर में
- स्टेशन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाना
- बिल्डिंग में फूड कोर्ट, बजट होटल और शापिंग मॉल बनाना
- स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज बनाना
- पार्किंग का विस्तार करना
2050 को लेकर हो रही है प्लानिंग
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की माडर्नाइजेशन का जिम्मा इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड को दिया गया था। कंपनी के अधिकारी कई बार स्टेशन का दौरा कर चुके हैं।
इस बारे में स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र दत्ता ने बताया कि पिछले महीने अभी कंपनी के अधिकारियों से बैठक हुई थी। बैठक में वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाए जाने पर चर्चा हुई थी। स्टेशन को 2050 की जरूरतों को देखते हुए अपग्रेड किया जाएगा। अभी फिलहाल यह सर्वे का काम चल रहा है।