चंडीगढ़। रॉक गार्डन सोसाइटी चंडीगढ़ के मशहूर रॉक गार्डन के निर्माता पद्म स्वर्गीय नेकचंद की 101वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। रॉक गार्डन में यह कार्यक्रम 13 दिसंबर से शुरू हुआ था और 15 दिसंबर को खत्म हुआ। इस कार्यक्रम के अंतिम दिन गृह सचिव-सह-अध्यक्ष रॉक गार्डन सोसाइटी मंदीप सिंह बराड़ मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने इस मौके पर कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया।
रॉक गार्डन के निर्माता पद्म स्वर्गीय नेकचंद की 101वीं जयंती के कार्यक्रम की शुरुआत चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य अभियंता सीबी ओझा द्वारा की गई। उन्होंने पद्मश्री नेक चंद की मोम की मूर्ति पर दीया जलाया और फूलों से श्रद्धांजलि दी। इस मौकेे पर नेकचंद के बेटे अनुज सैनी मौजूद रहे।
इस समारोह में क्षेत्रीय आर्ट को बढ़ावा देने के लिए संगीत के कार्यक्रम, बाजीगर, नचार, बीन-जोगी, बहुरूपिया, नगाड़ा, कठपुतली शो का आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग द्वारा रॉक गार्डन के फेज-तीन में संगीत का कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम के अंतिम दिन नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के सहयोग से फिरोज खान द्वारा एक पंजाबी लोक प्रदर्शन किया गया।