सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : पीटीआई
पिछले 50 वर्ष से पाकिस्तान की जेल में बंद बीएसएफ जवान सुरजीत सिंह का परिवार भी शनिवार को किसानों के समर्थन के लिए दिल्ली रवाना हुआ। आम आदमी पार्टी के नेता गुरदित्त सिंह सेखों की अगुवाई में दिल्ली रवाना हुए जत्थे में सुरजीत सिंह की पत्नी अंगरेज कौर, उनके बेटे अमरीक सिंह समेत शहर के कुछ अन्य पूर्व सैनिकों के परिवार, दोस्त मित्र व रिश्तेदार भी शामिल हैं।
बीएसएफ जवान सुरजीत सिंह के बेटे अमरीक सिंह ने बताया कि उनके पिता भारत-पाक युद्ध के दौरान लापता हो गए थे। बीएसएफ ने उन्हें शहीद करार दे दिया था। बाद में पाकिस्तान जेल से रिहा हुए लोगों ने उनके पिता के जिंदा होने व पाकिस्तान की जेल में बंद होने की जानकारी दी थी। परिवार ने उनकी वापसी की उम्मीद के साथ जिला प्रशासन से लेकर केंद्र सरकार तक हर जगह गुहार लगाई लेकिन उनकी किसी ने सुधि नहीं ली।
आज उनका परिवार किसानों के संघर्ष में उनका साथ देने के लिए दिल्ली जा रहा है और वहां पर वह अपनी दुख भरी दास्तां भी लोगों के सामने रखेंगे। आप नेता गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि जय जवान जय किसान का नारा सुनने में काफी अच्छा लगता है लेकिन आज की सरकारें न तो देश के जवानों व उनके परिवारों की सुध ले रही है और न ही किसानों की सुनवाई कर रही हैं।