आपने अस्पताल में बड़े बड़े उपकरण देखे होंगे, नामी अस्पतालों में ईलाज की बेजोड़ तकनीक ने जिंदगी को आसान कर दिया है। लेकिन आज आप ऐसी जांच के बारे में सुनेंगे, जिसके बाद आप भी इसे गजब कहेंगे। करनाल के रामनगर में एक घर में चल रहे फर्जी लिंग जांच केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो महिलाओं समेत तीन को रंगे हाथ काबू किया है। उनके कब्जे से 11 हजार रुपये और लिंग जांच के नाम पर इस्तेमाल किये जा रहे लैपटाप, माउस समेत गर्भपात के औजार व दवाइयां भी बरामद की हैं। सिटी थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि उनके पास लिंग जांच के लिए कोई मशीन नहीं है, बल्कि वे लैपटाप के माध्यम से माउस को उलटा करके महिला के पेट पर घूमाते थे और वैसे ही तुक्का मारकर लिंग जांच बता दे थे। इतना ही नहीं अल्ट्रासाउंड से पहले पेट पर लगाई जाने वाली जेल के स्थान पर सरसों का तेल लगाया जाता था।
स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास शिकायत थी कि करनाल में कोई पोर्टेबल मशीन से लिंग जांच कर रहा है। इसको लेकर विभाग सक्रिय था और शनिवार को एक गर्भवती को तैयार करके दलाल महिला लक्ष्मी के पास भेजा गया। लिंग जांच का सौदा 11 हजार रुपये में तय हुआ। महिला लक्ष्मी गर्भवती महिला को लेकर रामगनर स्थित मकान नंबर 88(3) में ले गई। आठ हजार रुपये दलाल ने अपने पास रख लिये, जबकि तीन हजार रुपये मकान मालकिन कैलाश को दिये गए। इसी दौरान टीम ने छापा मारा और सभी को मौके से दबोच लिया।
ऐसे चल रहा था फर्जी लिंग जांच केंद्र
दो महिला सहित 3 पकड़े
स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से लक्ष्मी, कैलाश व एक युवक देवेंद्र सिंह को काबू किया और उनके कब्जे से 11 हजार रुपये भी बरामद कर लिये। साथ ही लैपटाप व माउस बरामद किए गए। वहीं, पूछताछ में पता चला कि लक्ष्मी अपने घर पर अवैध रूप से गर्भपात भी कराती है। टीम ने इसके बाद हांसी रोड स्थित न्यू बाल्मीकि कालोनी में उसके घर पर छापा मारा और वहां गर्भपात में प्रयोग होने वाले औजार व दवाइयां बरामद की गई। डा. राजेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे लैपटाप के माध्यम से लिंग जांच का दावा करते थे और लोगों से पैसे ठगते थे। वे केवल माउस को उलटा करके महिलाओं के पेट पर घुमाते थे और वैसे ही लिंग जांच का दावा कर देते थे।
लैपटॉप के माउस को उलटा करके देते थे जांच का झांसा
डॉ. राजेंद्र ने बताया कि यह केवल फर्जीवाड़ा कर रहे थे। लैपटॉप के माध्यम से जांच का दावा करते थे। पहले महिला के पेट पर सरसों का तेल लगाया जाता था और उसके बाद माउस को उलटा करके पेट पर घुमाया जाता था। कुछ ही देर बात महिला को लिंग जांच के बारे में बता दिया जाता था। टीम ने लैपटाप, माउस समेत अन्य सामान काबू कर लिया है। सिटी थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस बारे में सिटी थाना प्रभारी राजबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
ये रहे टीम में शामिल
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार की गई टीम में पुलिस के कर्मचारी भी तैनात रहे। टीम में डॉ. नीरू बाला, ड्रग कंट्रोलर गुरचरण सिंह, सुलेख, हरीष कुमार, सुभाष व एएसआई प्रवीन, सविता, अनूप, राज सिंह व दयाल सिंह मौजूद रहे। टीम के सदस्यों ने लगातार दलाल का पीछा किया और अचानक घर पर धावा बोल दिया। इससे किसी को भी बाहर भागने का मौका नहीं मिल सका।