ये फिल्मी किस्सा नहीं, बल्कि रियल वाकया है। कुत्ते ने वफादारी निभाते हुए अपने मालिक की जान बचा ली। कुत्ते की वफादारी दिखी हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला इलाके में सामने आया। वहां एक कुत्ते ने वफादारी दिखाते हुए अपने मालिक को छत पर जाने से रोक लिया और उसके कुछ देर बाद ही मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई।
कुत्ते को उसका मालिक छत पर लेकर जा रहा था, जबकि कुत्ता छत पर जाने की जगह वापस नींचे खींचता रहा और इस दौरान ही बिजली गिरने से मकान की दीवार टूट गई। वहीं दूसरी ओर सांपला के ईस्माइला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से झुलसकर महिला की मौत हो गई और घर में दरार आ गई। महिला के पति की पहले मौत हो गई थी और इससे बच्चे अनाथ हो गए।
रोहतक के हकीकत नगर की गली नंबर दो में रहने वाले राजकुमार शर्मा दिल्ली में स्वास्थ्य विभाग में तैनात है जो इस समय करोलबाग में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत है। वह बुधवार की शाम को अपने कुत्ते को उस समय मकान की छत पर लेकर जाने लगे, जब बारिश पड़ रही थी।
वह कुत्ते को ऊपर जाने के लिए खींच रहे थे और कुत्ता उनको वापस नीचे की ओर खींचने लगा। इस दौरान ही काफी तेज धमाका हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई और राजकुमार व परिवार के अन्य लोग घर से बाहर भाग निकले।
वहां देखा कि मकान की छत पर बिजली गिरी है, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। अगर कुत्ते को लेकर राजकुमार छत पर चले जाते तो कोई भी हादसा हो सकता था। इस तरह कुत्ते ने अपने मालिक की जान बचा ली।