मानसिक तनाव पर काबू के लिए 2022 अक्टूबर में लॉन्च की गई मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेली मानस की सुविधा अब चंडीगढ़ में 24 घंटे उपलब्ध करा दी गई है।
केंद्र द्वारा संचालित यह सुविधा पहले सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही संचालित की जा रही थी। जिसके अंतर्गत हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल करने वालों की समस्या का समाधान जीएमसीएच 32 के विशेषज्ञ कर रहे थे।
सीमित समय सीमा के कारण ज्यादारत लोग सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे थे। जिसे ध्यान में रखते हुए सुविधा का विस्तार किया गया है। अब 8 घंटे की बजाय 24 घंटे कॉल करने वालों की समस्या का विशेषज्ञ समाधान कर उनके तनाव को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।
देश के प्रमुख पांच केंद्रों में पीजीआई मनोचिकित्सा विभाग को भी इसका एक राष्ट्रीय समन्वयक केंद्र बनाया गया है। केंद्र के वरिष्ठ परामर्शदाता व पीजीआई के मनोचिकित्सक डॉ. राहुल चक्रवर्ती ने बताया कि पहले एक दिन में 2-4 कॉल ही आते थे, लेकिन अब इसकी संख्या बढ़कर 10-15 तक पहुंच गई है। हेल्पलाइन का मुंख्य उद्देश्य समस्या के दौरान तत्काल समाधान उपलब्ध कराना है। क्योंकि लोगों में तनाव का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। सही दिशा प्राप्त न होने पर खासतौर पर युवा गलत निर्णय ले रहे हैं। इसलिए युवाओं को समस्या के दौरान टेली मानस पर कॉल करने की सलाह दी जा रही है।
आपकी सहूलियत के अनुसार होगा समाधान
डॉ. राहुल ने बताया कि टेली मानस के राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल करने पर सबसे पहले वह आपसे आपका राज्य, भाषा पूछेगा। इसके बाद उस कॉल को संबंधित राज्य में फारवर्ड कर दिया जाएगा। उस कॉल को काउंसलर उठाएगा और आपसे आपकी समस्या पूछेगा। अगर समस्या सामान्य रही तो वह खुद काउंसलिंग करेंगे। लेकिन गंभीर मामलों में कॉल मनोचिकित्सक को इंटरकनेक्टेड कर दी जाएगी। वहां दवा की जरूरत महसूस होने पर उसे सरकारी मनोचिकित्सा केंद्र, जिला या अन्य अस्पताल में भेजने की व्यवस्था होगी। अगर पीड़ित इसके लिए तैयार नहीं होगा तो उसे ई-संजीवनी के जरिए ऑडियो-विडियो के माध्यम से वहीं से विशेषज्ञ से संपर्क कराया जाएगा।
किसी भी भाषा में कीजिए बात, मिलेगा समाधान
तनावग्रस्त व्यक्ति को राहत पहुंचाने के लिए इस हेल्प लाइन पर कॉल करने वाले को उसकी भाषा के अनुरूप काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। देशभर के 5 केंद्रों को सभी राज्य की यूनिटों का समन्वय बनाया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक केंद्र को 9 राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
देशभर में हैं ये पांच समन्वय केंद्र
1. पीजीआई चंडीगढ़
2. लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ
3. इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन विहैबियर एंड अलाइड साइंसेज नई दिल्ली
4. केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान रांची
5. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेस बंगलुरू