डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत सिंह की मुख्य शिष्या हनीप्रीत से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विस्तृत जांच के बाद ही पुलिस कोई खुलासा करेगी।
बताया जा रहा है कि डेरामुखी की मुंह बोली बेटी और मुख्य शिष्या हनीप्रीत के पास फोन आया। हनीप्रीत से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस हरकत में आ गई और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया था। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
डेरामुखी ने हनीप्रीत को मुख्य शिष्या के तौर पर स्वीकार किया है और डेरामुखी ने हनीप्रीत को अपने परिवार पहचान पत्र में भी जगह दी है। डेरा का नियम है कि केवल मुख्य शिष्या को ही गुरु गद्दी सौंपी जाएगी, परिवार के किसी सदस्य को नहीं। ऐसे में हनीप्रीत की महत्वपूर्ण भूमिका डेरा में रहती है। अब पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
ये है मामला
हनीप्रीत की ओर से एसपी के नाम शिकायत भेजी गई। इसमें आरोप लगाया गया कि एक व्यक्ति ने वाट्सएप कॉल के माध्यम से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है और जान से मारने की धमकी दी है। नवनियुक्त एसपी उदय सिंह मीणा ने तुरंत प्रभाव से जांच के आदेश दिए। इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने शनिवार रात को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। इसमें पूरे मामले का खुलासा होगा।
आरोप को बताया जा रहा षड़यंत्र, सोशल मीडिया पर चर्चा
हनीप्रीत की ओर से लगाई गई रंगदारी की शिकायत मामले को षड़यंत्र बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा चल रही है। डेरा की गतिविधियों की खिलाफत को लेकर एक सोशल मीडिया पेज एक्टिव है। पर संदेश जारी किया गया है कि हनीप्रीत का एटम बम निकला फुस्स.....। अब इसकी विस्तृत चर्चा रात्रि सवा 8 बजे के बाद किए जाने की बात कही गई है।
शिकायत आई थी, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है : एसपी
इसकी शिकायत आई थी। एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पूरे मामले का खुलासा जल्द ही करेंगे।
-उदय सिंह मीणा, एसपी, सिरसा।