चंडीगढ़ फेयर ग्राउंड में लगी एग्जीबिशन
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में सेक्टर 34 स्थित फेयर ग्राउंड में एग्जीबिशन शुरू हो गई है, जिसमें इस बार कई चीजें विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसमें घर के साजो सामान और खानपान से लेकर बच्चों के लिए खेल के सामान किफायती दामों में मिल रही है। प्रदर्शनी में चंडीगढ़ और मनीमाजरा से लेकर महाराष्ट्र, जयपुर, गुजरात, दिल्ली और अंबाला के विक्रेताओं के 100 से अधिक स्टॉल लगे हुए हैं।
प्रदर्शनी में दाखिल होते ही पहले नंबर पर मनीमाजरा के सचिन कुमार का हैंडलूम का स्टॉल लगा है, जहां बेडशीट से लेकर टेबल कवर और 50 से लेकर 1200 रुपए तक के पिलो कवर मिल रहे हैं। दूसरा स्टॉल चंडीगढ़ के रवि कुमार का लगा हुआ है जहां आभूषण और ब्यूटी प्रोडक्ट्स मिल रहे हैं। स्टॉल में 150 से लेकर 500 रुपए तक के कलेक्शन मौजूद हैं।
घर को रॉयल लुक वाली जोधपुर में तैयार दीवार घड़ी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां पर 1500 से लेकर 12,000 तक की कीमत की दीवार घड़ियां उपलब्ध हैं जोकि ब्रास्क, लकड़ी और मेटल से बनी हुई हैं। विशेष आक र्षणों में साइकिल के पहिए पर बनी एक घड़ी ऐसी भी है जिसकी कीमत 3500 रुपए है।
अगर खानपान की बात करे तो प्रदर्शनी में महाराष्ट्रियन थाली जहां 200 रुपए में मिल रही है वहीं सिर्फ 150 रुपए में राजस्थानी थाली का लुत्फ उठाया जा सकता है। प्रदर्शनी में बीएम स्टॉल पर मिट्टी से बने बर्तन 150 से लेकर 1100 रुपए की कीमत में मिल रहे हैं। इनमें मिट्टी से बनी पानी की बोतल, तवा और प्रेशर कुकर आदि आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सबसे खास बात ये कि प्रदर्शनी में पुस्तकें भी 100 रुपए किलो के हिसाब से मिल रही है।