सवाल: कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अनुच्छेद 370 और 35 ए को खत्म करने को सही बताया। क्या वे अपने ऊपर चल रहे केसों को खत्म करवाने के लिए ऐसे बयान देकर भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ाकर पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। क्योंकि परिवर्तन रैली में वे कांग्रेस को पहले वाली कांग्रेस नहीं रही, बयान दे चुके हैं। कहीं ये पूरा घटनाक्रम भाजपा की रणनीति का हिस्सा तो नहीं।
जवाब: हरियाणा सैनिकों की धरती है। इसलिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अनुच्छेद 370 को खत्म करने पर भाजपा के पक्ष में ये बयान दिया। वे खुद भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त है। इसलिए भाजपा उन्हें कभी पार्टी में शामिल नहीं करेगी। यदि वे कांग्रेस से अलग होते हैं तो ये उनका और कांग्रेस पार्टी का मामला है। क्योंकि अशोक तंवर के साथ उनका छत्तीस का आंकड़ा है। हुड्डा अपना चुनावी घोषणापत्र घोषित करके, मुख्यमंत्री की दावेदारी ठोंक रहे हैं। वे कांग्रेस के लिए चुनौती हैं। भाजपा हुड्डा को सपोर्ट नहीं करेगी और न ही कभी शामिल करेगी।
यह भी पढें- पंजाब और चंडीगढ़ जाना हुआ महंगा, हरियाणा रोडवेज ने बढ़ाया किराया, जानें कितनी हुई वृद्धि
सवाल: हरियाणा में भाजपा, इनेलो विधायकों को पार्टी में शामिल कर रही है। नए लोगों के आने से क्या पुराने कार्यकर्ता अपने आप को कुंठित महसूस कर रहे हैं। इनेलो के एक के बाद एक विधायक का भाजपा में शामिल होना किसी रणनीति का हिस्सा तो नहीं। यदि इनेलो का कोई प्रमुख नेता पार्टी में आएंगे तो क्या उन्हें भी शामिल किया जाएगा।
जवाब: किसी भी पार्टी का विस्तार करने के लिए दूसरे दलों के नेताओं को शामिल करना जरूरी होता है। तभी विस्तार होता है। पुराने कार्यकर्ताओं और नए नेताओं को आपस में सामंजस्य बैठाना होगा। बाकी टिकट का फैसला पार्टी की केंद्रीय कमेटी करती है। भाजपा गुण दोष के आधार पर पार्टी में शामिल करती है। किसी शर्त पर नहीं। इनेलो का यदि कोई प्रमुख नेता शामिल होना चाहेगा तो यह केस टू केस पर निर्भर करेगा।
सवाल: पंजाब में शिअद भाजपा का सहयोगी दल है। हरियाणा में भी भाजपा के साथ है। लेकिन बीते दिनों पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पूर्व सीएम ओपी चौटाला की पत्नी स्नेहलता के श्रद्धांजलि समारोह में परिवार को एकजुट होने की अपील करके हरियाणा में सरकार बनाने की बात कह गए। क्या शिअद का इनेलो की ओर झुकाव हो रहा है।
जवाब: दोनों परिवारों के बीच परिवारिक रिश्ते हैं। पंजाब में शिअद हमारा सहयोगी दल है। लेकिन हरियाणा में हमारा अभी उनके साथ गठबंधन नहीं हुआ। अभी विचार किया जा रहा है।
सवाल: कांग्रेस सरकार में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को सरकारी तोता कहा था। क्या भाजपा भी पी. चिंदबरम के खिलाफ उसी सीबीआई को सरकारी तोते के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।
जवाब: पी चिदंबरम के खिलाफ पहले से ही जांच एजेंसिया जांच कर रही थी। इस कार्रवाई में पार्टी का कोई रोल नहीं है। पी चिदंबरम के पक्ष में उतर कर कांग्रेस ने यह साबित कर दिया कि वे भ्रष्टाचारियों को बचाने में सहयोग करती है। भाजपा न्यायपालिका में विश्वास रखती है।