चंडीगढ़ में टॉवर पर चढ़कर बैठे दो टीचर्स
टॉवर पर चढ़े टीचर्स के मामले में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए। सरकार ने भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियुक्ति न दिए जाने से नाराज होकर टावर पर चढ़े शिक्षकों के मामले में हाईकोर्ट के संज्ञान सबंधि याचिका पर पंजाब सरकार ने अपना पक्ष रखा। सरकार ने बताया कि आज 586 वेटिंग लिस्ट में मौजूद शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी।
हाईकोर्ट ने इस पर सुनवाई को मंगलवार तक के लिए टालते हुए नियुक्ति लेने वालों और न लेने वालों की जानकारी सौंपने के आदेश दिए हैं। सोमवार को मामले की सुनवाई आरंभ होते ही पंजाब सरकार ने कोर्ट को बताया कि आदेशों के अनुरूप 4500 और 2005 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बनाई गई वेटिंग लिस्ट को वेबसाइट पर डालने के साथ ही ऐसे शिक्षकों की सूची भी डाली गई है जिनका नाम दोनो भर्तियों की चयन सूची में मौजूद है।
इस सूची पर सवाल उठाते हुए एमिक्स क्यूरी तनु बेदी ने बताया कि 384 ऐसे नाम हैं जिनका एक सूची में चयन हो चुका है जबकि दूसरी सूची में उन्हें प्रतीक्षा करने वाले आवेदक के रूप में दिखाया गया है। उन्होंने हाईकोर्ट से अपील की कि एक सूची में चयनित होने वाले को दूसरी भर्ती की प्रतीक्षा सूची से बाहर किया जाए ताकि सभी को नियुक्ति मिल सके क्योंकि पदों की संख्या से कम आवेदकों की संख्या है।