पंचकूला/रायपुररानी। रायपुररानी में टांगरी नदी के पास शनिवार शाम क्राइम ब्रांच की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर चार फायर किए, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया।
आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ गोलू (23) और अमितेश उर्फ मोनू (27), निवासी अंबाला, तथा लखविंदर उर्फ मोनू (25), निवासी जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। दीपक और अमितेश के पैरों में गोली लगी, जबकि लखविंदर सुरक्षित है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को काबू किया। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
पंचकूला में पिछले दिनों स्नैचिंग और लूट की कई वारदात हुई थीं। इन मामलों में शामिल आरोपियों के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-1 की टीम शनिवार देर शाम रायपुररानी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों का पीछा किया। टांगरी नदी के पास पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोलियां लगीं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी रायपुररानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में स्नैचिंग और लूट की चार वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस इन मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस कांस्टेबल जसविंदर के हाथ में भी चोट आई। घायल दोनों आरोपियों और कांस्टेबल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
कोट
आरोपियों से पूछताछ कर वारदातों में उनकी भूमिका की जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि उनके साथ अन्य लोग शामिल थे या नहीं और हथियार कहां से लाए गए थे।-अमरिंदर सिंह, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक