प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के 68 साल बाद भी हर गांव तक बिजली नहीं पहुंची है और देश के 123 जिले राष्ट्रीय राजमार्ग से नहीं जुड़े हैं। हमने हर गांव में बिजली पहुंचाने का वादा किया है, हालांकि यह कठिन कार्य है, लेकिन इसे सिरे चढ़ाने के लिए बड़ी परियोजना तैयार की जा रही है।
जब देश वर्ष 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाएगा तब हर गांव में 24 घंटे बिजली पहुंचेगी और नेशनल हाईंवे से कनेक्टिविटी होगी। मोदी वीरवार दोपहर बाद सोनीपत के राई स्थित राजीव गांधी एजूकेशन सिटी में केजीपी, केएमपी और एनएच वन के आठ लेन के प्रोजेक्ट का रिमोट से शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पीएम ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में विकास को गति देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर प्राथमिक आवश्यकता है और इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने बिजली, सड़क, रेल का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर बल दिया है। मोदी ने कहा कि केएमपी-केजीपी परियोजनाओं से न केवल हरियाणा, उत्तर प्रदेश व दिल्ली के लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि इनसे क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
डिजिटल इंडिया के सपने को पूरा करने के लिए राजमार्गों के साथ-साथ आई-वेज विकसित करने की आवश्यकता है और इस कड़ी में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मोदी ने सड़क तंत्र को सुदृढ़ करने की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल की स्वर्णिम चतुर्भुज योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश के विकास में नए आयाम स्थापित हुए हैं।
हरियाणा में NH की 32 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत
पीएम ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सही दिशा में कार्य कर रही है तथा पिछले एक वर्ष के दौरान हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग की 32 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
यह छोटी बात नहीं है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकास की गति को तेजी मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के दलित, गरीब व शोषित वर्ग का विकास करना राज्य सरकारों की जिम्मेदारी बनती है, लेकिन देश समृद्ध हो और सबका सर्वांगीण विकास हो, इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना जरूरी है।
चार लाख करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
मोदी ने कहा कि पिछले छह महीनों से सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर रहे हैं। रेलवे सहित केंद्र सरकार की अन्य परियोजनाओं की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 5-6 महीनों में 4 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की लंबित परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
राजमार्ग हैं तो पैसा है
पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास में राजमार्गों का अहम योगदान होता है। पहले कहा जाता था कि पैसे हैं तो राजमार्ग हैं, लेकिन मैं कहता हूं राजमार्ग हैं तो पैसा व समृद्धि है। दक्षिण कोरिया इसका स्पष्ट उदाहरण है, जहां गरीबी के बावजूद दशक पहले देश के बीचोंबीच एक राजमार्ग बनाया गया। उसका विरोध भी हुआ, लेकिन अब उसी राजमार्ग के बल पर कोरिया समृद्ध देशों की श्रेणी में आ गया है।