फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा: बरोदा उपचुनाव की रणभेरी बजी, लागू हुई आचार संहिता और नई घोषणाओं पर लगी रोक

Tue, 29 Sep 2020 03:08 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

  • आचार संहिता लागू, नई घोषणाओं पर रोक
  • नौ अक्तूबर को जारी होगी गजट अधिसूचना
  • 16 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि
विज्ञापन
भारत निर्वाचन आयोग (फाइल फोटो) - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय चुनाव आयोग के कार्यक्रम जारी करते ही बरोदा उपचुनाव की रणभेरी बज गई। आयोग की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू होने पर नई घोषणाएं नहीं की जा सकेंगी। न ही विधानसभा क्षेत्र में तबादले व नियुक्तियां होंगी। चुनाव आयोग की मंजूरी से अति आवश्यक तबादला व नियुक्ति आदेश जारी होंगे।

विज्ञापन


चुनाव आयोग अनुसार 3 नवंबर को मतदान व 10 नवंबर को मतगणना होगी। 9 अक्टूबर को उपचुनाव की गजट अधिसूचना जारी की जाएगी। 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। 17 अक्तूबर को नामांकन की छंटनी होगी व 19 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 12 नवंबर से पहले चुनाव प्रक्रिया संपन्न करनी होगी।

भाजपा, कांग्रेस व इनेलो जैसी सभी पार्टियां लोकसभा चुनाव की तिथि घोषित होने का इंतजार कर रही थी। किसी ने अभी तक अपने प्रत्याशी को लेकर स्थिति साफ नहीं की है। अब चुनाव की तिथि घोषित होने से जल्द ही सभी पार्टियों के प्रत्याशियों के नाम सामने आ जाएंगे। हालांकि सभी पार्टियां पिछले एक महीने से ज्यादा समय से बरोदा में डेरा डाले हुए हैं और वहां प्रचार चल रहा है, लेकिन वह प्रचार पार्टी के नाम से चल रहा है।
विज्ञापन


जबकि प्रत्याशी घोषित होने के बाद चुनाव प्रचार चेहरे व पार्टी दोनों के नाम से होगा। यह जरूर है कि इस बार कोरोना को देखते हुए चुनाव प्रचार में काफी एहतियात बरतनी होगी और चुनाव आयोग की गाइड लाइन का पालन भी प्रत्याशियों व पार्टियों को करना होगा। इस बार वर्चुअल रैली पर ज्यादा जोर हो सकता है। भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेता वर्चुअल रैली भी कर सकते हैं।

कांग्रेस ने 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक मांगे आवेदन
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बरोदा उपचुनाव में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। टिकट पाने के इच्छुक दावेदार 30 सितंबर से 6 अक्तूबर के बीच अपने-अपने आवेदन हरियाणा कांग्रेस के दिल्ली स्थित कैंप ऑफिस में जमा करवा सकते हैं।

सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीन का होगा उपयोग

बरोदा उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीन का उपयोग किया जाएगा। पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध करवाई गई हैं। चुनाव आयोग ने निर्णय लिया है कि उपचुनाव में मतदान के समय मतदाता की पहचान अनिवार्य होगी। मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) मतदाता की पहचान का मुख्य दस्तावेज होगा।

हालांकि, यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे इसके लिए, अगर मतदाता सूची में उसका नाम अंकित है तो वह आयोग द्वारा निर्दिष्ट 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी का भी उपयोग कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है।

इन 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, केंद्रीय, राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों या सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी आधिकारिक पहचान पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं।

उन जिलों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू होगी जिनमें इस विधानसभा क्षेत्र का पूरा या आंशिक हिस्सा आता है। आदर्श आचार संहिता सभी उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों, राज्य सरकार और संबंधित जिले के लिए केंद्र सरकार पर भी लागू होगी।

2019 में कांग्रेस ने किया था कब्जा, श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन से खाली हुई सीट

बरोदा विधानसभा सीट पर वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने कब्जा जमाया था। जहां से श्रीकृष्ण हुड्डा ने जीत दर्ज की थी। लेकिन कुछ महीने पहले ही श्रीकृष्ण हुड्डा का निधन होने से बरोदा सीट खाली हो गई थी। 2019 में बरोदा विधानसभा सीट पर 68.98 प्रतिशत मतदान हुआ था और श्रीकृष्ण हुड्डा ने अपने विपक्षी ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त से लगभग 4 प्रतिशत ज्यादा वोट लेकर विधायक की कुर्सी पर कब्जा जमाया था। जबकि प्रदेश में भाजपा गठबंधन की सरकार होने के कारण वह इस पर कब्जा जमाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।

बरोदा सीट पर एक साल में 256 वोटर बढ़े
बरोदा विधानसभा सीट पर उपचुनाव नई मतदाता सूची के आधार पर होंगे। जहां बरोदा में वर्ष 2019 के चुनाव में एक लाख 77 हजार 994 मतदाता थे, वहीं अब वह बढ़कर एक लाख 78 हजार 250 मतदाता हो गए हैं। इस तरह से एक साल में 256 मतदाता बढ़ गए हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 97 हजार 819 व महिला मतदाताओं की संख्या 80 हजार 429 है। दो मतदसाता ट्रांजेंडर हैं।
विज्ञापन

वर्ष 2019 के चुनाव की यह थी स्थिति

कुल वोट-177994
वोट डले-122780 (68.98 प्रतिशत)
कुल प्रत्याशी-11
श्रीकृष्ण हुड्डा, कांग्रेस-42566 (34.67 प्रतिशत)
योगेश्वर दत्त, भाजपा-37726 (30.73 प्रतिशत)
भूपेंद्र मलिक, जजपा-32480 (26.45 प्रतिशत)
जोगेंद्र, इनेलो-3145 (2.56 प्रतिशत)
नरेश, बसपा-3182
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें