बटाला के स्थानीय काहनूवान रोड पर रहने वाले एक 60 साल के बुजुर्ग की हालत बिगड़ने के बाद उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। बुधवार को बुजुर्ग की उपचार के दौरान अमृतसर में ही मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद कोरोना टेस्ट के लिए उसका सैंपल लिया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
बुजुर्ग की मौत के बाद बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट न आने तक पारिवारिक सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इस संबंध में बटाला के सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि मंगलवार को उनके पास काहनूवान रोड का रहने वाला एक बुजुर्ग आया था। उक्त बुजुर्ग की हालत देखकर लगा रहा था कि वह निमोनिया का मरीज है।
कुछ लक्षणों को देखते हुए उसका बटाला के सिविल अस्पताल में कोरोना टेस्ट किया गया मगर टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई थी। इसके बाद बुजुर्ग की हालत को देखते उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया था लेकिन बुधवार को उसकी अमृतसर में ही इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद बुजुर्ग का सैंपल लिया गया जिसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। वहीं फिलहाल बुजुर्ग के परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।