चंडीगढ़। एलांते मॉल में सोमवार दोपहर बम की अफवाह से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अनाउंसमेंट कर मॉल से सभी कर्मचारियों और पब्लिक को बाहर निकलवाया। आनन-फानन में लोग मॉल के बाहर भागे। देखते ही देखते वहां हड़कंप का माहौल बन गया। एसएसपी, डीएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मी, बम निरोधक दस्ता व सीआरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। सर्च करीब साढ़े चार घंटे तक चली, लेकिन बम कहीं नहीं मिला।
पुलिस कंट्रोल रूम पर सोमवार दोपहर सूचना मिली कि इंडस्ट्रियल स्थित एलांते मॉल के अंदर बम छिपाया गया है। सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। आपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच टीम, थाना पुलिस, एसएसपी नीलाबंरी विजय जगादले, डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। एलांते में अनाउंसमेंट करवा कर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकलवाया गया। देखते ही देखते वहां हड़कंप मच गया। इस दौरान बम निरोधक दस्ते ने मॉल के एक-एक शोरूम की अच्छी तरह से तलाशी ली। इसके अलावा पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की भी जांच की गई। डॉग स्क्वॉड टीम भी चप्पे-चप्पे खंगालती रही। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई। एलांते मॉल के सिक्योरिटी गार्ड समेत सीआरपीएफ टीम ने भी मोर्चा संभाले रखा। करीब साढ़े चार घंटे सर्च के दौरान कोई भी बम वहां से बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद लोगों को मॉल के अंदर जाने दिया गया।
पहले उड़ी मॉक ड्रिल की अफवाह, फिर पता लगा बम की सूचना है
मॉल में शापिंग करने आए सेक्टर-25 हरदीप ने बताया कि वह दोस्तों के संग मॉल में आए थे। इस दौरान वहां अनाउंसमेंट होने लगा कि सभी बाहर चले जाए, जिसके बाद सभी वहां से बाहर निकले। इस दौरान कुछ लोगों को पहले लगा कि 15 अगस्त नजदीक आने पर चंडीगढ़ पुलिस यहां पर मॉक ड्रिल कर रही है, लेकिन ज्यादा देरी होने पर पता चला कि वाकई में बम की सूचना है। इसके बाद लोगों ने मॉल से काफी दूरी बना ली।
पार्किंग भी सील
सोमवार को बकरीद की छुट्टी होने के चलते एलांते में शॉपिंग, मूवी देखने व घूमने वाले लोगों की संख्या रोजाना से कुछ ज्यादा थी। इस दौरान वहां कि पार्किंग भी लगभग फुल थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने मॉल के अलावा वहां की सभी पार्किंग को भी सील कर दिया। टीम 1.15 बजे से करीब 3.15 बजे तक पार्किंग को अच्छी तरह से खंगाला। इस दौरान मॉल के बाहर भीड़ का जमावड़ा लग गया। करीब 3.30 बजे एनाउंस किया गया कि जिनकी गाड़ी पार्किंग में वह ले जाएं।
सोशल मीडिया पर दिनभर छाया रहा
घटना के बाद अलग अलग सोशल मीडिया पर यह वाकया दिनभर छाया रहा। इस दौरान मॉल के अंदर से लोगों के बाहर निकलते कई वीडियो वायरल हुई, जिसमें लोग लिफ्ट के सहारे मॉल से बाहर निकलते दिख रहे हैं। इसके अलावा फेसबुक, टिवट्र, व्हाटसएप समेत अन्य सोशल मीडिया पर दिनभर वायरल होती रही।
गाड़ियों की लंबी कतारें लगीं
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मॉल को सील करने के अलावा एरिया को भी चारों ओर से सील कर दिया। इस दौरान ट्रिब्यून चौक, वर्कशॉप चौक, हल्लोमाजरा चौक की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर से आने वाली सड़क का पूरी तरह से बंद कर दिया गया। वहां से गाड़ियों के गुजरने पर रोक लग गई, जिसके चलते देखते ही देखते चारों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। लोग जाम में घंटों फंसे रहे, कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह फंसी गाड़ियाें को वहां से निकाला गया।
इंटरनेट से की गई कॉल
पुलिस कंट्रोल रूम पर सोमवार दोपहर करीब 1.10 बजे बम की सूचना मिली। सूचना बताने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान उजागर नहीं की। उसने कहा कि एलांते माल में बम है। सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने वीओआईपी नंबर से कॉल की थी। फिलहाल, पुलिस अब उस नंबर को ट्रेस करने में जुटी हुई है।
इन धाराओं में केस दर्ज
घटना के बाद इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 182, 268, 505 और 507 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोट्
एलांते के प्रवक्ता ने बताया कि मॉल में बम होने की सूचना मिली। दुकानदारों और कर्मचारियों समेत सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्राहकों, दुकानदारों, पुलिस टीम के सहयोग से पूरे मॉल को 20 मिनट से भी कम समय में खाली कर दिया गया था। करीब 4.30 घंटे में यहां की स्थिति बहाल कर दी गई।
कोट्
मामला संज्ञान में आने के बाद टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां से कोई बम बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उस शख्स की पहचान करने में जुटी हुई है, जिसमें पुलिस को सूचना दी थी। मामले की जांच की जा रही है।
-नीलाबंरी विजय जगादले, एसएसपी, चंडीगढ़।