चंडीगढ़। बीते रविवार देर रात सेक्टर-28 से कालका जा रही कार सवार दो युवतियों से छेड़छाड करने, रास्ते में रोक कर उनके अपहरण का प्रयास करने वाले 3 आरोपियों के खिलाफ सेक्टर 26 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान संगरूर निवासी अंकुर, हरप्रीत और गुरदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि बीते रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे मोहाली निवासी करन और गौरव अपनी पत्नियों के साथ किसी काम से चंडीगढ़ आए हुए थे। यहां से उन्हें कालका जाना था। सेक्टर-28 के पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेने के बाद करन की पत्नी ने गाड़ी चलाने की इच्छा जताई। इसके बाद करन और गौरव दोनों पीछे की सीट पर बैठ गए और दोनों की पत्नियां आगे आ गईं। तभी दिल्ली नंबर की एक स्कोडा कार में बैठे तीन मनचले युवक युवतियों को अकेला समझ उनकी कार का पीछा करने लगे। पहले तो दोनों युवतियों ने उन्हें नजरअंदाज किया, लेकिन लगातार पीछा करते देख कालका जाने की बजाय गाड़ी कला ग्राम मोड़ से दूसरी दिशा में मोड़कर रोक दी तभी लड़कों ने अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे लाकर रोक दी। इसी बीच करन और गौरव कार से बाहर आ गए और कार से उतरे तीनों लड़कों से पूछताछ शुरू कर दी। मामला गरमाया और हंगामा होते देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दे दी। पीसीआर के हेडकांस्टेबल सतीश कुमार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों लड़कों को दबोच लिया। बता दें कि सतीश कुमार वही हैं, जिन्होंने वर्णिका कुंडु केस में विकास बराला समेत अन्य आरोपियों को दबोचा था।