पंजाब में कोरोना संक्रमण से सोमवार को मौत के दो मामले सामने आए हैं। 56 लोगों के नमूनों की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब तक राज्य में संक्रमण से 16237 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 11677723 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 598387 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
953 सक्रिय मामले बने हुए हैं। 11 संक्रमितों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सोमवार को फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में 1-1 मरीज की मौत हो गई। ब्लैक फंगस के 3 नए मामले सामने आने के बाद अब इनकी 654 तक पहुंच गई है। 51 लोगों की ब्लैक फंगस से मौत हो चुकी है।
राहत: हरियाणा में 30 नए केस, सात जिलों में एक भी नहीं
हरियाणा में सोमवार को कोरोना के 30 नए केस मिले हैं। राहत की बात यह है कि किसी भी जिले में 5 से अधिक नए मामले नहीं पाए गए हैं। सात जिलों में एक भी मामला नहीं, जबकि 8 जिलों में मात्र 1-1 केस मिले हैं। दो जिलों में 2-2, तीन में 3-3, गुरुग्राम में 4 और भिवानी में 5 पॉजिटिव केस मिले हैं।
इस समय प्रदेश में एक्टिव केस 785 हैं। इनमें से 230 मरीज घरों में ही इलाज ले रहे हैं, शेष अस्पतालों में भर्ती हैं। एक दिन की संक्रमण दर 0.15, दूसरी लहर की 10.19 और कुल संक्रमण दर 7.29 प्रतिशत है। रिकवरी दर 98.65 और मृत्य दर 1.25 फीसदी है।
छह मरीजों की मौत
सोमवार को छह मरीजों की मौत हो गई। हिसार, पानीपत, सिरसा, भिवानी, जींद और फतेहाबाद में 1-1 मरीज की जान चली गई। अब तक प्रदेश में कोरोना से 9605 मौतें हो चुकी हैं। वहीं, अब तक प्रदेश में कुल 10687894 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। सोमवार को 73478 ने पहली और 41584 ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली।