पंजाब में चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और अकाली-भाजपा के प्रत्याशियों को पछाड़ दिया है। हैरान न हों, हम चुनाव नतीजों की नहीं बल्कि चयनित प्रत्याशियों की पढ़ाई-लिखाई की बात कर रहे हैं। पंजाब में आगामी 30 अप्रैल को होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा पढे़ लिखे उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
यूं तो शिअद, भाजपा, कांग्रेस, बसपा और शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने भी कोशिश की है कि पढ़े-लिखे उम्मीदवार ही मैदान में उतारे जाएं, लेकिन आप के केवल एक उम्मीदवार को छोड़कर बाकी सभी ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट हैं। इसका जो उम्मीदवार अंडर ग्रेजुएट है और उसने भी बीकॉम-1 पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ी है।
अकाली-भाजपा गठबंधन के 13 उम्मीदवारों में से तीन पोस्ट ग्रेजुएट, दो लॉ ग्रेजुएट, दो ग्रेजुएट, एक अंडर ग्रेजुएट, एक डिप्लोमा होल्डर, तीन मैट्रिक और एक अंडर मैट्रिक हैं। कांग्रेस के 13 लोकसभा प्रत्याशियों में से तीन पोस्ट ग्रेजुएट, तीन लॉ ग्रेजुएट, चार ग्रेजुएट, एक सीनियर सेकेंडरी, एक मैट्रिक और एक अंडर मैट्रिक हैं।
आप के उम्मीदवारों में से चार पोस्ट ग्रेजुएट, तीन लॉ ग्रेजुएट, पांच ग्रेजुएट तथा एक अंडर ग्रेजुएट हैं। बसपा के उम्मीदवारों में एक पोस्ट ग्रेजुएट, तीन ग्रेजुएट, एक डिप्लोमा होल्डर, दो सीनियर सेकेंडरी, पांच मैट्रिक और एक अंडर मैट्रिक हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के 10 उम्मीदवारों में से एक पोस्ट ग्रेजुएट, दो पोस्ट लॉ ग्रेजुएट, एक लॉ ग्रेजुएट, दो ग्रेजुएट, दो मैट्रिक और दो अंडर मैट्रिक हैं।