देश-प्रदेश की लोक संस्कृति से रूबरू करवाने व सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए अब प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में कला उत्सव व टेलेंट सर्च आर्ट एंड कल्चर का आयोजन एक साथ होगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की पहल पर समग्र शिक्षा अभियान द्वारा इनका आयोजन 4 चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण का आयोजन 30 जुलाई से 5 अगस्त तक होगा।
कला उत्सव में प्रतिभागी ग्रुप में अपनी प्रस्तुति देंगे। जिसमें चित्रकारी, मूर्तिकला, शिल्प, ग्रुप नृत्य, संगीत व रंगमंच का आयोजन होगा। स्कूल स्तर के विजेता प्रतिभागी ब्लॉक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभाग के प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर ने इस संबंध में 24 जुलाई को प्रदेश के सभी जिले के परियोजना अधिकारियों को पत्र जारी कर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और इसकी जीवंत विविधता की जागरूकता के लिए आयोजित कला उत्सव कार्यक्रम में कक्षा नौंवी, दसवीं, 11वीं व 12वीं के राजकीय विद्यालय, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय व निजी स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। वहीं टेलेंट सर्च आर्ट एंड कल्चर कार्यक्रम में छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए कक्षा छठी, सातवीं व आठवीं के विद्यार्थियों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इन प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
कला उत्सव में नौंवी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी चित्रकारी, मूर्तिकला, शिल्प, ग्रुप नृत्य, संगीत व रंगमंच में अपनी प्रस्तुती देंगे तथा सभी की प्रस्तुती ग्रुप में होगी। इसके लिए विभाग ने एक ग्रुप में कितने मेंबर प्रस्तुती दे सकते हैं। उनकी संख्या भी निर्धारित कर दी है। संगीत में 8 प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। नृत्य में भी 8 ही सदस्य भाग लेंगे। वहीं विजुअल आर्ट में 4 तो रंगमंच में 10 प्रतिभागी भाग लेंगे।
विद्यार्थी ऑनलाइन कला परियोजना से भी दिखा सकते हैं प्रतिभा
विभाग द्वारा जारी पत्र के मुताबिक कला उत्सव में प्रतिभागी अपने ई-प्रोजेक्ट्स को डिजाइन करने के लिए स्मार्ट फोन का उपयोग कर सकते हैं। मोबाइल के द्वारा कला रूप का इतिहास सहित अन्य विषयों पर प्रकाश डाल सकते हैं। वहीं ई-प्रोजेक्ट में वह फोटो सेल्फियां, स्लाइड शो, वीडियो और ऑडियो क्लिप, ध्वनि ट्रैक व अपनी स्क्रिप्ट के द्वारा भी अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।
प्रतियोगिताओं का शेड्यूल
प्रतियोगिता तिथि
स्कूल स्तर, 30 जुलाई से 5 अगस्त
ब्लॉक स्तर, 17 अगस्त से 30 अगस्त
जिलास्तर, 1 सितंबर से 20 सितंबर
राज्य स्तर, 18 अक्तूबर से 20 अक्तूबर
देश व प्रदेश की संस्कृति से बच्चों को रुबरु करवाने व सरकारी स्कूल के बच्चों में छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए कला उत्सव व टैलेंट सर्च आर्ट एंड कल्चर का आयोजन स्कूलों में किया जाएगा। इसको लेकर सभी स्कूल मुखियाओं को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। स्कूल स्तर पर कला उत्सव का आयोजन 30 जुलाई से शुरू होगा।
-नरेंद्र सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान सिरसा।