शहर को सालों बाद बुधवार को करोड़ों की लागत से तैयार नई गोल्फ अकादमी व क्लब का तोहफा मिल जाएगा। डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल गोल्फ अकादमी का शुभारंभ करेंगे। गोल्फ अकादमी अति आधुनिक सुविधाओं से लैस है। वहीं, इसमें इंटरनेशनल स्तर के कोच लोगों को ट्रेनिंग देंगे।
इसके साथ ही देश का नाम क्रिकेट के बाद अब गोल्फ के क्षेत्र में भी चमकेगा। गोल्फ अकादमी बनने के साथ ही शहर अब चंडीगढ़ और पंचकूला की बराबरी में आ गया है। इन दोनों शहरों में पहले से ही गोल्फ अकादमी थी। लेकिन मोहाली में अकेडमी की सुविधा नहीं थी।जानकारी के मुताबिक गमाडा ने सेक्टर-65 में 10 एकड़ जगह में गोल्फ अकादमी बनाई है।
इस पर आठ करोड़ 52 लाख की लागत आएगी। गमाडा के अधिकारियों के मुताबिक गोल्फ अकादमी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। गोल्फ क्लब व अकादमी में जिम, रेस्टोरेंट, वीडियो व आडियो रूम लाइब्रेरी की व्यवस्था की भी होगी। गोल्फ अकादमी की लोकेशन भी काफी खास है।
यहां तक चंडीगढ़ और पंचकूला के लोग भी आसानी से पहुंच पाएंगे। वहीं, लोगों को किसी भी तरफ के जाम का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। जिक्रयोग है कि चंडीगढ़ में गोल्फ क्लब व अकादमी बनाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकर ने गोल्फ अकादमी स्थापित की है।
कई आईएएस व सैन्य अधिकारी हैं मेंबर
गोल्फ अकेडमी के पहले चरण की मेंबरशिप पूरी हो चुकी है। ये मेंबर तीन श्रेणियों में चुने गए हैं। मेंबरों का चयन लक्की ड्रॉ की प्रक्रिया से हुआ है। ड्रॉ में कई आईएसएस व फौज के रिटायर अफसर गोल्फ अकेडमी व क्लब का मेंबर बनने में कामयाब रहे थे।