आयकर विभाग की कार्रवाई झेलने के बाद आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट कर अपना दर्द समर्थकों को बताने का प्रयास किया। कुलदीप ने कहा कि ‘जिस प्रकार से भाजपा ने राजनीतिक द्वेष से मुझे व मेरे परिवार को 4 दिन तक प्रताड़ित करने का प्रयास किया, यह उनकी छोटी सोच है। मेरी बूढ़ी और बीमार मां को भी नहीं बख्शा गया।
मैंने हमेशा ईमानदारी और सिद्धांतों का जीवन जिया है, न मैं भाजपा से कभी डरा और न डरूंगा। ‘फूंक मारकर बुझाने की बहुत नाकाम कोशिश थी वो, अरे हम वो चिराग हैं, जिसे आंधियों ने पाला है।’ समर्थकों से अपील साथ रहना।’
विज ने कसा तंज, कर्मों का फल भुगत रहे कांग्रेसी
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस पर तंज करते हुए कहा कि यह कार्रवाई तो कांग्रेसियों के कर्मों का फल है, जो भुगतना ही पड़ेगा। विज ने कहा कि कोई फीडबैक मिलने पर कार्रवाई करना सरकार का काम है।
कुलदीप बिश्नोई पर ईडी रेड के बाद सारा देश जानना चाहता है कि आखिर पूर्व सीएम भजन लाल इतने अमीर कैसे बने? विज ने शायराना अंदाज में कहा कि इफ्तदाये इश्क होता है क्या, आगे आगे देखिए होता है क्या?