प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की करीब दस सदस्यीय टीम ने रविवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित शॉपर्स स्टॉप के शोरूम में गीतांजलि व नक्षत्र ज्वेलर्स ग्रुप के काउंटरों पर छापा मारकर रिकॉर्ड खंगाला। दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई ईडी की जांच देर शाम तक जारी रही।
टीम के सदस्यों ने शोरूम से ज्वैलरी सहित अन्य सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों सहित बिल बुक की जांच की। साथ ही गहनों व कीमती घड़ियों को पेटी में डालकर उन्हें सील कर अपने कब्जे में भी लिया। आगामी जांच के लिए महत्वपूर्ण लगने वाले दस्तावेजों को ईडी टीम के कर्मचारियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
ईडी के शोरूम में ईडी टीम के प्रवेश करते ही अलग-अलग काउंटरों पर खड़े कर्मचारियों व आम लोगों में अफरातफरी मच गई। आम लोग भी यह जानने को आतुर थे कि ज्वेलर नीरव मोदी के पीएनबी बैंक से किए घोटाले में ईडी के हाथ उक्त शोरूम के काउंटरों से क्या-क्या लगा।
ईडी के निर्देशों पर प्रबंधकों ने शाम करीब पौने 6 बजे पहले शोरूम के ग्राउंड फ्लोर का मुख्य शटर नीचे गिराया और फिर तीसरी मंजिल तक के मुख्य शटर भी बंद कर दिए। इसके चलते खरीददारी करने पहुंचे लोग भी शटर बंद देख वापस लौटते नजर आए।
ईडी टीम का नेतृत्व कर रहे अधिकारी से रिकॉर्ड में गड़बड़ी बाबत पूछा गया लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। ग्राउंड फ्लोर से तीसरी मंजिल तक ईडी टीम ने विभिन्न काउंटरों पर जाकर सामान से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया। जांच के लिए ईडी ने पुलिस या अन्य किसी एजेंसी की मदद नहीं ली।
टीम के अधिकारी से ज्वैलर नीरव मोदी और पंजाब नेशनल बैंक में हुए घोटाले संबंधी प्रश्न किया गया लेकिन उन्होंने सर्च के बारे में कुछ भी बताने का अधिकार नहीं होने की बात कही। ईडी की सर्च के दौरान काउंटरों के मालिक भी नजर नहीं आए और कर्मचारियों ने भी रिकॉर्ड खंगालने के कारणों बारे कुछ भी पता होने से इंकार किया