ईडी की कार्रवाई के दौरान तैनात सीआरपीएफ जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह वन घोटाले में मामले में पंचकूला के सेक्टर-25 स्थित दो डॉक्टर भाइयों के घर व रायपुररानी स्थित स्किल सेंटर पर दबिश दी। छापेमारी देर शाम तक जारी रही। इस दौरान किसी को भी अंदर से बाहर नहीं जाने दिया गया और न किसी को अंदर से बाहर आने दिया गया। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ईडी की अलग-अलग टीमें इनोवा गाड़ी से सेक्टर-25 डॉक्टर के घर व स्किल सेंटर पर पहुंचीं।
ईडी के चार अधिकारी व सीआरपीएफ के तीन जवान सेक्टर-25 स्थित डॉक्टर विक्रम गुप्ता व विवेक गुप्ता के घर सेक्टर-25 में पहुंचे थे। इसके बाद से ईडी के अधिकारी घर में रखे सभी डॉक्यूमेंट, लैपटॉप व मोबाइल फोन की जांच कर रहे हैं। ईडी की अलग-अलग टीमों ने पंचकूला के अलावा उत्तराखंड व अन्य राज्यों में रिकॉर्ड खंगाला। बताया जा रहा है कि दोनों डॉक्टर उत्तराखंड के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के करीबी हैं।
ईडी की टीम देर शाम तक सेक्टर-25 निवासी डॉक्टर विवेक और डॉक्टर विक्रम के घर जांच में डटी रही। दोनों डॉक्टर सगे भाई हैं। दोनों हरक सिंह रावत के करीबी हैं। यही कारण है कि जांच की आंच उन तक आ पहुंची है। ईडी उनके रायपुररानी स्थित स्किल सेंटर पर भी गई। वहां भी रिकॉर्ड खंगाला। शाम करीब चार बजे ईडी की टीम स्किल सेंटर से वापस गई। हरक सिंह रावत ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उन पर अवैध पेड़ काटने और अवैध निर्माण में शामिल होने का आरोप है।