पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा। उधर, पठानकोट के राधा-कृष्ण कॉलोनी में किराये के घर में रहने वाले सुनील सिंह के घर सुबह ही ईडी की टीम पहुंची। सूत्रों से पता चला है कि यह व्यक्ति पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह के ही संपर्क में रहता था। इसके बाद ईडी ने इसका नाम अपनी सूची में दर्जकर जांच शुरू की। पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह, उनकी पत्नी और एक पूर्व सरकारी अधिकारी द्वारा संचालित एक शैक्षिक ट्रस्ट के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच चल रही है। इसी मामले में ईडी ने कठुआ स्थित उनके आवास पर छापा मारा।
इसी के चलते पठानकोट राधा-कृष्ण कॉलोनी में भी ईडी की टीम पहुंची। पठानकोट में ईडी के अधिकारियों ने सुनील सिंह से पूछताछ की। वहीं सूत्रों से यह भी पता चला है कि यह व्यक्ति कोई कामकाज नहीं करता है। बावजूद इसके किराये के घर में रहकर बड़े लोगों के साथ उठना बैठना है।
मुक्तसर की दो फर्मों पर आयकर विभाग व जीएसटी विंग का छापा
उधर, मुक्तसर के अर्श मोटर्स और वीआईपी कार बाजार फर्म पर आयकर विभाग व जीएसटी विंग की टीम ने छापेमारी की। टीम ने कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए। स्टेट टैक्स अधिकारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि वे अर्श मोटर्स और वीआईपी कार बाजार फर्म पर टैक्स चोरी की जांच करने आए हैं। कुछ दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। इसकी जांच की जाएगी। जांच में टैक्स चोरी की बात सामने आने पर वसूली होगी। फिलहाल दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।