हुडा के एस्टेट ऑफिस में ट्रांसफर, बिल्डिंग प्लान, कब्जे का प्रमाण पत्र, अनापत्ति प्रमाण पत्र, री अलाटमेंट लेटर हासिल करने के लिए किन दस्तावेजों का होना जरूरी है और इसे तैयार होने में कितना वक्त लगेगा, इनकी जानकारी कार्यालय में बोर्ड पर लिखित है।
बुधवार को हुडा के एस्टेट ऑफिसर महावीर कौशिक ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इससे लोगों के काम आसान हो जाएंगे और उन्हें किसी भी कार्य के लिए बार-बार चक्कर नहीं काटना होगा।
ईओ महावीर कौशिक ने कहा कि पदभार संभालने के बाद कंप्यूटर रिकार्ड में विभिन्न कार्यों से संबंधित 520 आवेदन पत्र लंबित थे। इन सभी को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया है।
दिसंबर माह के दौरान संपदा कार्यालय में 150 अतिरिक्त नए आवेदनों का भी निपटारा किया गया। उन्होंने बताया कि कुछ आवेदन अभी भी लंबित हैं जो रिजर्व कोटे से संबंधित हैं और इससे संबंधित तथ्यों की जानकारी हासिल करने की वजह से इसमें देरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि इनकी जांच की जा रही है कि मल्टीपल अलॉटी से संबंधित मामले तो नहीं हैं। उन्होंने बताया कि नोटिस बोर्ड लगाने का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोग कार्यालय में आकर आवेदन के वक्त सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकें।