चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में आज दशहरे का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। पंचकूला में देश के सबसे ऊंचे 210 फुट के लंकेश का दहन होगा, तो मोहाली में चिट्टे और आतंकवाद के लंकापति जलेंगे।
चंडीगढ़ में 36 जगहों में दशहरा उत्सव की तैयारी
चंडीगढ़ में कई जगहों पर रावण दहन किया जाएगा। इससे पहले रामलीला कमेटियां शोभायात्रा निकालेंगी, जिसमें आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। कई कमेटियों ने दशहरा ग्राउंड में पुतले खड़े भी कर दिए हैं, जबकि कई जगह शुक्रवार सुबह पुतलों को मैदान में खड़ा किया जाएगा। सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड और सर्कस ग्राउंड में रामलीला एवं दशहरा कमेटियों की ओर से भव्य आयोजन होगा। सनातन धर्म दशहरा कमेटी की ओर से सेक्टर-46 के सब्जी मंडी ग्राउंड में दशहरे का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला कमेटी सेक्टर-32 की ओर से मार्केट की पार्किंग में पुतला जलाया जाएगा। ओसीएफ सांस्कृतिक मंच की ओर से सेक्टर-29 के ओसीएफ ग्राउंड में दशहरे का आयोजन होगा।
गढ़वाल रामलीला एवं सांस्कृतिक मंच की ओर से सेक्टर-22 में, आजाद ड्रामाटिक क्लब सेक्टर-20 की ओर से सेक्टर-34 के प्रदर्शनी ग्राउंड में, श्री रामलीला कमेटी सेक्टर-27, गढ़वाल भ्रातृमंडल सेक्टर-7, नव दशहरा कमेटी सेक्टर-43 युवा विकास रामलीला एंड दशहरा कमेटी मिल्क कालोनी धनास में दशहरा पर्व आयोजित किया जाएगा। विश्वकर्मा रामलीला ड्रामाटिक क्लब फेज-2 रामदरबार, राजपूत ड्रामाटिक क्लब रामदरबार, हरिनाम संकीर्तन प्रचार मंडल पंजाब विश्वविद्यालय में रावण दहन करेंगे। नव दशहरा कमेटी, सेक्टर 43 की ओर से सेक्टर-43 के संपर्क केंद्र के साथ वाले ग्राउंड में दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर चंडीगढ़ के पूर्व सांसद सत्य पाल जैन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मेयर देवेश मोदगिल अध्यक्षता करेंगे।
रावण के ज्ञान की होगी पूजा
सेक्टर-32 की मार्केट की पार्किंग में रामलीला कमेटी की ओर से दशहरा पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसमें रावण के पुतले से अंगारे नहीं बल्कि सफेद चीज निकलेगी, जो सबके आकर्षण का केंद्र होगा। श्री रामलीला कमेटी के प्रधान किशोर सेठी और महासचिव रमेश बजाज ने बताया कि रावण के पुतले को जलाने से पहले उसके ज्ञान की पूजा होगी। सांसद किरण खेर इसमें मुख्य अतिथि होेंगी। प्रदूषण रहित पटाखे जलाएं जाएंगे। रिमोट कंट्रोल से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे।
सेक्टर-40 में होगा ‘रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद का वध’
उत्तरांचल रामलीला मंडली एवं दशहरा कमेटी की ओर से सेक्टर-40 में दशहरा पर्व का आयोजन होगा। समारोह में जाट सभा चंडीगढ़, पंचकूला के प्रधान एवं अखिल भारतीय शहीद सम्मान संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ महेंद्र सिंह मलिक आईपीएस (सेवानिवृत) मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवक चंद्र प्रकाश गांधी करेंगे। इनके अलावा पूर्व डिप्टी मेयर एवं पार्षद गुरबख्श रावत एवं समाजसेवी राकेश बरोटिया विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। राजतिलक रेवत सिंह रावत करेंगे। कमेटी के प्रधान संजय कुमार जखमोला ने बताया कि रामलीला के कलाकारों द्वारा ‘रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद का वध’ मंचित किया जाएगा।