चंडीगढ़ में आज दशहरा पर्व पर रावण दहन देखने के लिए लोग निकलेंगे, ऐसे में चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। रूट प्लान भी जारी कर किया गया है। अगर लोग इस रूट प्लान को फॉलो करेंगे तो वाहन पार्क करने की टेंशन लिए बिना फेस्टिवल का आनंद उठा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में पार्किंग की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को अपने वाहन खड़ा करने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
यहां पार्क करें वाहन
सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में दशहरा उत्सव देखने वाले लोग सेक्टर-22ए की मार्केट, सेक्टर-22बी मार्केट, सेक्टर-23 स्थित ब्लड डीसीज अस्पताल, सेक्टर-17 स्थित फुटबाल ग्राउंड, सेक्टर-17 नीलम सिनेमा के सामने, सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास अपने वाहनों को पार्क कर सकते हैं। इसके साथ ही शाम 5:30 से 6:30 बजे तक भीड़भाड़ के दौरान एक घंटे के लिए रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा। सेक्टर-18, 19, 20, 21, आरोमा लाइट प्वाइंट, सेक्टर-17, 18 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-17 चौक की तरफ आने वाले वाहनों को उद्योग पथ की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
सेक्टर-34 में यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सहूलियत के लिए सेक्टर-34 स्थित सब्जी मंडी, गवर्नमेंट मॉडल स्कूल, श्याम मॉल पार्किंग, लाइब्रेरी बिल्डिंग, सेक्टर-34 गुरुद्वारा और कांप्लेक्स पार्किंग में वाहन पार्क करने की सुविधा की गई है। साथ ही इस मौके पर शाम 5 से 7 बजे तक लेबर चौक से लेकर सेक्टर-33, 34 लाइट प्वाइंट तक रोड बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-34 श्याम मॉल की तरफ से वन-वे कर दिया जाएगा।
सेक्टर-46 में पार्किंग की ऐसी रहेगी व्यवस्था
लोग अपने वाहनों को सेक्टर-46 की पार्किंग मार्केट, रेहड़ी मार्केट और बूथ मार्केट में वाहनों को पार्क कर सकते हैं। सेक्टर-45, 46 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-46 तक शाम 5 से 7 बजे आम जनता के लिए बंद कर दिया जाएगा। साथ ही अगर आपको किसी तरह की ट्रैफिक समस्या हो तो 1073 पर कॉल कर सकते है।
चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे 1233 पुलिसकर्मी
दशहरे के मौके पर 1233 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें 8 डीएसपी, 38 इंस्पेक्टर और अन्य क्राइम ब्रांच, थाना पुलिस, आपरेशन सैल, अन्य विंग चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। अगर इस दौरान कोई गलत हरकत करते हुए पाया गया तो पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करेगी। मामले में वीरवार को सेक्टर-9 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर में एसएसपी नीलांबरी विजय जगदाले ने सभी थाना एसएचओ को सख्त चेताया है कि दशहरा में किसी तरह की अनहोनी नहीं चाहिए। साथ ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस पीसीआर, चीता स्कॉवायड और अन्य विंग गश्त करते दिखेंगे। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। मार्र्केट और भीड़भाड़ वाले एरिया में पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे। इस दौरान अगर कोई आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश करेगा तो पुलिस उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।