भले ही पुलिस अधिकारी मनचलों पर शिकंजा कसने को गंभीर हों। जगह-जगह दुर्गा शक्ति टीम का गठन किया हो। मगर हरियाणा में दुर्गा शक्ति सेवा का लाभ छात्राओं को नहीं मिल पा रहा है। जिसका खुलासा एक माह तक प्रदेशभर में एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक द्वारा किये गए सर्वे में हुआ है। भिवानी, झज्जर समेत कई जिलों में सूचना देने के डेढ़ से दो घंटे बाद दुर्गा शक्ति टीम मौके पर पहुंची, मगर वह भी ऑटो में सवार होकर। जिसको देखकर परियोजना निदेशक भी हतप्रभ रह गए।
उन्होंने दुर्गा शक्ति की लापरवाही की पूरी रिपोर्ट तैयार कराई है। जिसे जल्द ही सीएम और डीजीपी को सौंपा जाएगा। एक और सुधार कार्यक्रम के परियोजना निदेशक रॉकी मित्तल ने बताया कि मनचलों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से हरियाणा के विभिन्न जिलों में दुर्गा शक्ति टीम का सर्वे कराया गया। एक माह से टीम सर्वे में लगी है। बताया कि सर्वे के दौरान कई चौंकाने वाली बात सामने आई है। भिवानी में 1091 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कराई गई।
सूचना दी गई कि एक छात्रा के साथ दो मनचलों ने छेड़छाड़ की है। पहले तो नंबर भिवानी के बजाए दादरी में लगा। इसके बाद फिर से कॉल की तो सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद दुर्गा शक्ति की दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची जरूर, पर वह भी ऑटो में सवार होकर। दोनों ने बताया कि दुर्गा शक्ति की गाड़ी मेले में गई है। इस कारण वह ऑटो से पहुंची। इसके अलावा झज्जर, गुरुग्राम में भी ऑटो से ही पुलिस मौके पर पहुंची। बल्लभगढ़, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, रेवाड़ी, कैथल, फतेहाबाद में एक से डेढ़ घंटे देरी से पहुंची।
हालांकि, रोहतक में 20 मिनट के अंदर ही दुर्गा शक्ति मौके पर पहुंच गई थी। परियोजना निदेशक ने बताया कि एक माह में 150 से ज्यादा कॉल कर दुर्गा शक्ति को सूचना दी गई। दुर्गा शक्ति टीम की लापरवाही और किसी अन्य जिले में हेल्पलाइन का नंबर मिलने पर परियोजना निदेशक ने रिपोर्ट तैयार की है। बताया कि रिपोर्ट को 26 दिसंबर को सीएम और डीजीपी को सौंपा जाएगा।
1091 का अधिक से अधिक हो प्रचार-प्रसार
परियोजना निदेशक का कहना है कि महिला हेल्पलाइन 1091 का अधिक से अधिक प्रचार होना चाहिए। प्रचार के अभाव में ही कई बार छात्राएं छेड़छाड़ के समय पुलिस को सूचना नहीं दे पातीं। इसके अलावा पुलिस को जल्द से जल्द समय पर पहुंचकर कार्रवाई करनी चाहिए।