हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा को सरकारी डाक्टरों से इलाज कराना महंगा पड़ गया। एमएलए छात्रावास की डिस्पेंसरी में सही इलाज नहीं होने के कारण शर्मा को पीजीआई में भर्ती कराना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश पर उपचार में लापरवाही के आरोप में चार डॉक्टरों और दो नर्सों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा को शुगर की बीमारी है। पिछले दिनों हरियाणा विधानसभा में जैन मुनि तरुण सागर के कार्यक्रम वाले दिन रामबिलास शर्मा के पांव में चोट लग गई थी। शर्मा ने इसका उपचार चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल की डिस्पेंसरी में डाक्टरों से कराया। वहां सुधार नहीं होने के बाद शिक्षा मंत्री को मंगलवार को पीजीआई में भर्ती कराया गया था।