चंडीगढ़। लॉकडाउन से पहले के बिजली बिल न जमा करने पर बिजली विभाग ने शहर के कई सामुदायिक शौचालय व केंद्र का कनेक्शन काट दिया है। वहीं सेक्टर-19 पालिका मार्केट व सदर मार्केट के शौचालय की विभाग ने दोबारा बिजली काट दी। इससे पहले भी बिल न भरे जाने पर विभाग इनकी बिजली काट चुका है। हालांकि नगर निगम ने आनन-फानन में कुछ बिल जमा कराए तो विभाग ने थोड़ी देर बाद कुछ जगहों का बिजली कनेक्शन जोड़ दिया।
अब बिजली विभाग ने शनिवार को सेक्टर-19 सदर मार्केट, पालिका मार्केट, सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-18 पब्लिक शौचालय, सेक्टर-27 के सामुदायिक केंद्र की बिजली काट दी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निगम ने फरवरी तक के बिल जमा नहीं कराए हैं। कोरोना के कारण कुछ रियायत दी गई थी, लेकिन जब बिल जमा नहीं हुए तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं निगम ने आनन-फानन में सेक्टर-27 के सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-18 के शौचालय व सेक्टर-19 के सामुदायिक केंद्र का बकाया बिल भर दिया। उसके बाद विभाग ने कुछ देर बाद तीनों जगह का बिजली कनेक्शन जोड़ दिया। बिजली विभाग के जेई करमजीत सिंह ने बताया कि बकाया बिलों को लेकर हमने पहले निगम को पत्र लिखा था। जब कोई जबाव नहीं मिला तो कनेक्शन काटा गया है।
कोट
शहर की सबसे बड़ी मार्केट के पब्लिक शौचालय का बिजली कनेक्शन कट गया है। यहां प्रतिदिन 3 से 4 हजार लोग आते हैं। पानी की समस्या व शाम के समय बिजली न होने से लोगों को काफी परेशानी होगी। -नरेंद्र सिंह, मार्केट प्रधान, सेक्टर-19 सदर मार्केट
पालिका मार्केट सड़क के किनारे बनी है। मार्केट के साथ ही यहां से गुजरने वाले लोग भी इस शौचालय का प्रयोग करते हैं। अब यहां बिजली कनेक्शन कटने के बाद पानी की भी समस्या होगी। -नरेश जैन, प्रधान, सेक्टर 19 पालिका मार्केट
मेरी जानकारी में नहीं है कि किसी शौचालय का बिजली बिल बकाया हैं। कहीं ऐसा है तो दिखवाकर तत्काल जमा कराया जाएगा। -शैलेन्द्र सिंह, चीफ इंजीनियर, नगर निगम