पंजाब विधानसभा में कांग्रेस की हार के बाद शुक्रवार को पंजाब के एडवोकेट जनरल डीएस पटवालिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पटवालिया को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के दबाव के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था। शुक्रवार सुबह डीएस पटवालिया ने पंजाब के राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है। इससे पहले शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री चन्नी ने भी अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाने के बाद जब चरणजीत चन्नी सीएम बने थे, तब सीनियर एडवोकेट एपीएस देओल को पंजाब का एजी नियुक्त किया गया था। इस नियुक्ति से सिद्धू काफी नाराज थे और उनके दबाव के बाद एपीएस देओल को कुछ ही दिनों बाद पद से हटाकर सिद्धू के करीबी डीएस पटवालिया को पंजाब का एडवोकेट जनरल नियुक्त किया गया था।
अब चन्नी सरकार के हारने के बाद डीएस पटवालिया को भी अपने पद से इस्तीफा देना पड़ गया है। अब पंजाब में आम आदमी पार्टी प्रचंड बहुमत से सत्ता पर काबिज हो रही है और रिवायत के अनुसार सीएम पद की शपथ लेने के बाद सबसे पहले जो नियुक्तियां की जाती हैं, उनमें एडवोकेट जनरल का पद आता है।
अब आम आदमी पार्टी किसे अपना एडवोकेट जनरल नियुक्त करती है, इस पर सभी की नजरें लगी हुईं हैं। हाईकोर्ट में ऐसे कुछ वरिष्ठ एडवोकेट हैं, जिन्हें इस पद पर नियुक्त किया जा सकता है। कई वरिष्ठ एडवोकेट एजी पद के लिए प्रयास करने लगे हैं। चर्चा यह भी चल रही है कि इस पद पर दिल्ली के ही किसी वरिष्ठ एडवोकेट की नियुक्ति हो सकती है। अब नया एजी दिल्ली से होगा या पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।