यदि आप दीपावली पर किसी को मेवा भेंट करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है। इस बार ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 50 से 100 रुपये की गिरावट आई है। इससे ग्राहकों के साथ व्यापारी भी काफी खुश हैं। बता दें कि दीपावली पर ड्राई फ्रूट्स की डिमांड बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारियों को बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत के इजाफे की उम्मीद है।
ड्राई फ्रूट्स की कीमतें अधिक होने के कारण एक खास वर्ग ही उपहार देने के लिए इनकी खरीद करता है, लेकिन इस बार कीमतों में आई गिरावट से लोगों को ज्यादा जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। चंडीगढ़ में ड्राई फ्रूट के थोक व्यापारी हरीश बंसल ने बताया कि ड्राई फ्रूूट की कीमतों में आई गिरावट से त्योहारी सीजन में डिमांड बढ़ी है। संभावना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार ड्राई फ्रूट की बिक्री में 15 से 20 फीसदी का इजाफा होगा।
चिलगोजा की डिमांड अधिक
त्योहारी सीजन में महंगा होने के बावजूद ड्राई फ्रूट में चिलगोजा लोगों की पहली पसंद है। थोक व्यापारियों की मानें तो चिलगोजा की कीमत 4000 रुपये प्रति किलो है, लेकिन विटामिन, प्रोटीन और फाइबर से भरे होने के कारण यह चंडीगढ़ के लोगों को यह खूब भा रहा है। व्यापारियों ने इसके महंगे होने का कारण इसमें पाये जाने वाले स्वास्थ्यवर्धक तत्वों को बताया। साथ ही कहा कि पूरे देश में मांग के अनुरूप उत्पादन कम होने के कारण भी इसके महंगे होने का कारण है।