पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद चंडीगढ़ में नशे का जाल तेजी से फैल रहा है। पिछले 881 दिनों में चंडीगढ़ पुलिस ने 443.899 किलोग्राम नशा बरामद किया है। इस तरह देखें तो तस्कर रोजाना औसतन आधा किलो नशा सप्लाई कर लोगों को नशे का आदी बना मौत के मुंह में धकेल रहे हैं। इनमें गांजा, कोकीन, चरस, भुक्की, हेरोइन, स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थ शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 496 केसों में 43 महिलाओं समेत 502 तस्करों को गिरफ्तार किया है, लेकिन नशा तस्करी पर लगाम नहीं लगा पा रही है। ये आंकड़े 1 जनवरी 2017 से 31 मई 2019 तक के हैं। सबसे ज्यादा मामले सेक्टर-39 और मलोया थाना पुलिस के अंतर्गत सामने आए हैं। यही वजह है कि इन दोनों जगहों से पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ 129 मामलों में 131 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सेक्टर-3 और 19 पुलिस स्टेशन के अंतर्गत महज 13 केसों में 12 तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। यह तो सिर्फ वह आंकड़ा है, जो पुलिस की अलर्टनेस की वजह से दर्ज हैं, जबकि ऐसे कितने मामले है, जो पुलिस के पास तक पहुंचे ही नहीं।
महिलाओं का जवाब नहीं
नशे के कारोबार में अब महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। वजह है कि पुलिस से पकड़े जाने की डर से नशा तस्कर पुरुष अब महिलाओं का सहारा ले रहे हैं। हाल ही में सेक्टर-39 और सांरगपुर थाना पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ कई महिलाओं को गिरफ्तार कर तस्करी पर लगाम लगाया था। वहीं, सूत्रों का कहना है कि सेक्टर-25, 38 समेत अन्य कालोनियों में नशे का कारोबार जोरों से चल रहा है।
कहां से आता है चंडीगढ़ में नशा
कम आमदनी वाले लोग ज्यादातर गांजे, नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल, प्रतिबंधित सिरप का नशे के लिए इस्तेमाल करते हैं। सूत्रों की मानें तो कोकीन, स्मैक, चरस, हेरोइन समेत अन्य हाईफाई नशे का ज्यादातार कारोबार क्लबों में किया जाता है। पुलिस के अनुसार ज्यादातर दिल्ली, अंबाला, सोलन, शिमला, अमृतसर, पठानकोट समेत अन्य राज्यों से नशा चंडीगढ़ में सप्लाई होता है। तस्कर बड़े पैमाने पर नशे को इन राज्यों से कम दामों पर खरीदकर शहर के विभिन्न एरिया में ज्यादा दामों पर पुड़िया बनाकर बेचते हैं।
पुलिस टीम करती है अवेयर
नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस कई जगहों को चिह्नित कर समय समय पर नाका लगाती है। साथ ही पीसीआर समेत चीता स्क्वॉयड गश्त भी करती है। इसके अलावा चंडीगढ़ पुलिस कालोनियों, स्कूल, कालेज समेत अन्य जगहों पर कैंप लगाकर नशे के बारे में बच्चों और लोगों को जागरूक करती है।
881 दिनों में बरामद नशा
पुलिस आंकड़ों के अनुसार
नशा किलोग्राम
1. गांजा 391.838
2. चरस 26.336
3. स्मैक 2.016
4. अफीम 6.906
5. हेरोइन 2.648
6. पपी स्ट्रा 12.0
7. पपी हस्क 2.082
8. इंजेक्शन 8638 पीस
9. कैप्सूल 1198पीस
10. टेबलेट 3903पीस
11. सिरप 825पीस
इन थानों में इतने केस दर्ज
थाना केस गिरफ्तार
सेक्टर-3 07 07
सेक्टर-11 48 48
सेक्टर-17 12 12
सेक्टर-19 06 05
सेक्टर-26 19 19
सेक्टर-31 40 41
सेक्टर-34 41 42
सेक्टर-36 45 45
सेक्टर-39 55 57
सेक्टर-49 22 22
मौलीजागरां 30 30
आईटीपार्क 24 24
मनीमाजरा 28 30
सारंगपुर 20 20
मलोया 74 74
इंडस्ट्रियल एरिया 25 25
नशे के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है, यही वजह है कि आए दिन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर रही है। साथ ही नशा तस्करों को पकड़ने के लिए टीम भी गठित की गई है। इसके अलावा समय-समय पर स्कूल, कॉलेज और अन्य जगहों पर बच्चों को जागरूक किया जाता है ताकि वे नशे की लत से बच सकें।
- नीलांबरी विजय जगादले, एसएसपी, चंडीगढ़