नशे के आदी लोगों को तीनों सरकारी मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों व कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों के नशा छुड़ाओ केंद्र में मुफ्त दवाइयां दी जाएंगी।
यह सुविधा आउटडोर पेशेंट को मिलेगी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। कॉलेज प्रिंसिपल और सेहत अधिकारियों की मीटिंग में उन्होंने नशा छुड़ाने को किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।
नौजवानों को नशों से निकालने के लिए जागरूकता मुहिम चलाने को कहा। सीएम ने सेहत विभाग की प्रमुख सचिव से कहा कि लोगों को नशों के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक करने को माहिरों और मनोचिकित्सकों की सेवाएं ली जाएं।
जिलास्तर पर नशा छुड़ाओ केंद्र के अधिकारियों, समाज भलाई अफसरों, मेडिकल अफसरों व पुलिस अधिकारियों की एक कमेटी बनाई जाए।
इन कमेटियों की निगरानी प्रमुख सचिव की अगुवाई में बनने वाली केंद्रीय कमेटी करेगी। इसमें नारकोटिक्स सेल के डायरेक्टर, सेहत विभाग के सीनियर अफसर और मनोवैज्ञानिक होंगे।
यह जिलास्तरीय कमेटियों का कामकाज रिव्यू कर उन्हें हिदायतें देगी। नियमित तौर पर सीएम को रिपोर्ट देगी। पीजीआई के मनोरोग विभाग के प्रमुख डॉ. अजीत अवस्थी ने सीएम को बताया कि राज्य के नशा छुड़ाओ केंद्रों में छह सौ बेड हैं।
इनमें 33 मनोचिकित्सक, 21 स्टाफ मेंबर तैनात हैं। सीएम ने जेल अधिकारियों से कहा कि वे जेलों में बंद नशे केआदी लोगों को इंडोर पेशेंट की तरह ट्रीट करें ताकि उपचार के बाद वे आम जिंदगी बसर कर सकें।
डॉक्टर इनका इलाज पहल के आधार पर करें। इस मौके पर सीएम के प्रमुख सचिव एसके संधू, सेहत विभाग की प्रमुख सचिव विन्नी महाजन, एडीजीपी इंटेलिजेंस हरदीप ढिल्लों, स्टेट नारकोटिक्स सेल के डायरेक्टर ईश्वर सिंह, बीएफयू के वीसी डॉ. एसएस गिल, हेल्थ डायरेक्टर डॉ. करनजीत सिंह भी मौजूद थे।
नशा तस्करी की सीबीआई जांच की मांग करे भाजपा - बाजवा
प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप बाजवा ने कहा है कि भाजपा को नशा तस्करी की सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए। प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा पहले ही नशे के कारोबार को सियासी संरक्षण मिलने की बात स्वीकार कर चुके हैं।
भाजपा ने वही बात कही है, जो कांग्रेस लंबे समय से उठा रही है। बाजवा ने कहा कि तस्कर जगदीश भोला द्वारा कैबिनेट मंत्री बिक्रम मजीठिया का नाम लिए जाने केबाद कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की थी। अब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं। तो पार्टी को सीबीआई जांच की मांग उठानी चाहिए। बाजवा ने कहा कि सरवन सिंह फिल्लौर का इस्तीफा काफी नहीं है। रैकेट में शामिल सभी सियासी नेताओं पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
नशा विरोधी मुहिम सफल - रणीके
चंडीगढ़। पशुपालन मंत्री गुलजार सिंह रणीके ने दावा किया है कि सरकार द्वारा नशों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के सफल नतीजे निकले हैं।
उन्होंने कहा कि इस कारोबार में लगे किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही रसूखदार हो। नशे की तस्करी सीमा पार से हो रही है, जिसे रोकने के लिए राज्य सरकार कई बार गृह मंत्रालय के समक्ष मामला उठा चुकी है।
केमिकल ड्रग्स समेत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर कई आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। रणीके ने कहा कि उन्होंने अपने हलके में हिदायत दी है कि शराब तस्करों व नशा कारोबारियों को जल्द से जल्द काबू किया जाए।