पड़ोसी देश पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं हा रहा है। मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही उसने गुरदासपुर सीमा में ड्रोन के जरिए अपनी हरकत तेज कर दी हैं। मंगलवार-बुधवार की देर रात बीएसएफ की पोस्ट चंदुवंडाला पर पाकिस्तान की ओर से दो बार ड्रोन की गतिविधि दर्ज की गईं। हालांकि दोनों बार सीमा पर सतर्क जवानों ने फायरिंग कर तत्काल उसे लौटने पर मजबूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 12.15 बजे बीओपी चंदुवंडाला के जवानों ने ड्रोन की तेज आवाज सुनी तथा उस पर कुल 12 फायर किए। फायरिंग के साथ ही तत्काल ड्रोन वापस चला गया। वहीं, करीब 35 मिनट बाद ही 12.50 बजे दोबारा फिर उसी दिशा से उसी पोस्ट पर ड्रोन ने घुसपैठ करने की कोशिश की।
जवानों ने फिर 2 फायर कर उसे वापस मुड़ने पर मजबूर कर दिया। वहीं, बीएसएफ और पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। इस संबंध में एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि सर्च के दौरान पुलिस को वहां से कुछ नहीं मिला।
पंजाब में ड्रोन से हथियार और नशा भेज रहा पाकिस्तान
सितंबर 2019: खेमकरण में एके टाइप की पांच राइफलें, 150 कारतूस, सात पिस्तौल ड्रोन ने गिराए। यह ड्रोन ओवरलोडिंग के कारण क्रैश हो गया था।
दिसंबर 2020: बीएसएफ ने कोट रजादा में 70 राउंड फायरिंग की लेकिन ड्रोन हथियार गिराकर वापस लौट गया।
22 दिसंबर 2020: गुरदासपुर में पाक ड्रोन ने 11 ग्रेनेड गिराए, जो सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद किए।
22 फरवरी 2021: गुरदासपुर सेक्टर में बीएसएफ ने पाक ड्रोन पर फायरिंग की थी।
18 जून 2021: पाक से ड्रोन के माध्यम से भेजे गए 50 पिस्तौल स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने बरामद किए
आठ अगस्त 2021: पुलिस ने ड्रोन से गिराए टिफिन बम, तीन किलोग्राम आरडीएक्स, पांच ग्रेनेड और सौ कारतूस बरामद किए।