सूर्य उपासना के महापर्व पर बुधवार को सेक्टर 42 स्थित न्यू लेक दुल्हन की तरह सजा। हजारों की संख्या में व्रती अपने परिवार के साथ छठ घाट पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया। गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर पूजा संपन्न करेंगे। चंडीगढ़ के विभिन्न कालोनियों और गांव में भी कृत्रिम सरोवर बनाए गए हैं। इन कृत्रिम सरोवरों में व्रती अस्ताचलगामी सूर्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। दोपहर ढाई बजे से ही व्रती पहुंचना शुरू हो गए थे।
न्यू लेक सेक्टर 42 के अलावा बहलाना, रायपुरखुर्द, दड़वा, मलोया, सेक्टर-47, कालोनी नंबर चार, रामदरबार, हल्लोमाजरा सहित अन्य इलाकों में छठ पूजा हो रही है। सेक्टर 42 की न्यू लेक पर करीब 15 हजार से अधिक लोग पहुंचे। उनकी सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही।
न्यू लेक सेक्टर 42 में पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन और बिहार परिषद ने छठ व्रतियों का स्वागत किया। पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके सिंह ने बताया कि न्यू लेक के छठ घाट पर किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसका पूरा ख्याल रखा गया है।
न्यू लेक में पहले अर्घ्य के दिन सुबह हरिद्वार से लाया गया गंगाजल डाला गया। मलोया के सरोवर में भव्य आयोजन हुआ। स्माल फ्लैट मलोया में भी छठ पूजा की भव्य तैयारियां हैं। छठ सेवा समिति के अध्यक्ष गुरदेव यादव ने बताया कि सभी प्राकर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।