चंडीगढ़। पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के डॉ. सुरेश कुमार अंगुराना को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध और योगदान के लिए राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें हाल ही में नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया।
डॉ. सुरेश कुमार अंगुराना वर्ष 2025 के लिए चयनित 15 विज्ञान युवा पुरस्कार विजेताओं में शामिल हैं। वह एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में बाल रोग विभाग की पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर डिवीजन में अतिरिक्त प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। डॉ. अंगुराना के शोध ने गंभीर रूप से बीमार बच्चों में गट माइक्रोबायोम, संक्रमण की रोकथाम और सूजन नियंत्रण की समझ को नई दिशा दी है। उन्होंने प्रोबायोटिक्स पर कई अहम क्लिनिकल ट्रायल का नेतृत्व किया, जिनसे यह सिद्ध हुआ कि प्रोबायोटिक्स से सेप्सिस, कैंडिडियासिस और सूजन संबंधी जटिलताओं (इंफ्लेमेशन )में कमी आती है। उनके शोध निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नलों में प्रकाशित हुए और बाल गहन चिकित्सा की उपचार नीतियों में शामिल किए गए। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय गुरुओं, परिवार, पीजीआईए और उन बच्चों व उनके परिजनों को दिया, जिनके विश्वास से उनका शोध संभव हो पाया।