इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय, बैंकॉक में आयोजित 24वीं वार्षिक वैज्ञानिक बैठक में हुआ चुनाव
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीजीआई के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के प्रोफेसर डॉ. कुशलजीत सिंह सोढ़ी को एशियन ओशियनिक सोसायटी ऑफ पीडियाट्रिक रेडियोलॉजी (एओएसपीआर) का अध्यक्ष चुना गया है। वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय हैं। उनकी नियुक्ति को बाल चिकित्सा इमेजिंग के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. कुशलजीत का चुनाव 23 से 25 अक्तूबर 2026 तक थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित सोसायटी की 24वीं वार्षिक वैज्ञानिक बैठक के दौरान हुआ। वह बच्चों में बीमारियों की पहचान के लिए एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी तकनीकों के विशेषज्ञ हैं। इन तकनीकों से बच्चों की बीमारियों का समय पर और सटीक निदान करने में मदद मिलती है।
डॉ. कुशलजीत भारतीय पीडियाट्रिक रेडियोलॉजी सोसायटी (आईएसपीआर) के अध्यक्ष और वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ पीडियाट्रिक इमेजिंग (डब्ल्यूएफपीआई) के उपाध्यक्ष भी हैं। उनकी उपलब्धि से बाल चिकित्सा इमेजिंग के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है।