एसजीपीसी प्रधान भाई गोबिंद सिंह लोंगोवाल
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने चंडीगढ़ में चल रहे सिख इतिहास स्रोत संपादन सेंटर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ किरपाल सिंह को पद से हटा दिया है। पंजाब सरकार द्वारा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं की पुस्तक में सिख इतिहास में गड़बड़ी के मामले में सिख संगठनों ने मांग की थी कि डॉ किरपाल सिंह को पद मुक्त किया जाए।
एसजीपीसी प्रधान भाई गोबिंद सिंह लोंगोवाल ने कहा कि डॉ किरपाल सिंह सिख इतिहास के पुराने सोर्स के संपादन का काम कर रहे थे। पंजाब सरकार ने भी उन्हें पाठ्यक्रम तैयार करने वाली कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया था। वे अपनी जिम्मेदारी को ठीक से नहीं निभा सके। गुरु इतिहास के बारे में गलत तथ्य सामने आने के बाद भी उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाए इन्हें सही ठहराने का प्रयास किया।